लखनऊ

CNG-PNG Price Hike: 22 दिन में फिर बढ़े CNG-PNG के दाम, यहां जानिए नए रेट

देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। इस बीच देश में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बाद अब सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में इजाफा हुआ है। सीएनजी की कीमत में प्रति किलो 50 पैसे का इजाफा किया गया है। वहीं, PNG की कीमत 1 रुपये प्रति SCM बढ़ाई गई है।

लखनऊApr 23, 2022 / 10:11 am

Jyoti Singh

शहर में एक बार फिर सीएनजी-पीएनजी के दाम सिर चढ़ कर बोल रहे हैं। सीएनजी पर तीन रुपए प्रति किलो और घरेलू गैस पीएनजी पर दो रुपए प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (एससीएम) का इजाफा हुआ है। जिससे आम आदमी की जेब का बोझ बढ़ गया है। ग्रीन गैस लिमिटेड ने बढ़ी हुई दरें लखनऊ, उन्नाव, आगरा में आज यानी शनिवार सुबह छह बजे से लागू हो चुकी हैं। बता दें कि 22 दिन के अंदर दूसरी बार सीएनजी व पीएनजी में बढ़ोत्तरी हुई है।
जानिए कितना है रेट

ग्रीन गैस लिमिटेड ने लखनऊ और उन्नाव में सीएनजी में 83.80 प्रति किलो की बढ़ोत्तरी की है। जो अभी तक 80.80 प्रति किलो रुपए थी। इसके अलावा अयोध्या में सीएनजी अब 84.25 रुपए किलो मिलेगी। वहीं घर की रसोई तक आने वाली पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) में दो रुपये प्रति एससीएम का इजाफा हुआ है। लखनऊ में पीएनजी 47 रुपए एससीएम मिलेगी।

नेचुरल गैस दामों में 110 प्रतिशत बढ़ोत्तरी
नेचुरल गैस के खरीद मूल्य में वृद्धि के कारण सीएनजी-पीएनजी के दामों में इजाफा हुआ है। ग्रीन गैस के एजीएम (मर्केटिंग) प्रवीण सिंह बताते हैं कि नेचुरल गैस के दामों में करीब 110 प्रतिशत बढ़ोत्तरी हो चुकी है। वहीं सप्लाई में 10 से 15 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने बताया कि इसमें रूस-यूक्रेन युद्ध का असर भी है। हालांकि सीएनजी की बिक्री और पीएनजी की खपत में इजाफा हुआ है। स्कूलों के खुलने और सहालग के कारण बिक्री में वृद्धि हुई है।
दो वर्षो में सीएनजी 40% व पीएनजी 60%

बीते दो वर्षो में सीएनजी के दामों में करीब 40 फीसदी और पीएनजी के दामों में करीब 60 फीसदी का इजाफा हुआ है। चार अप्रैल 2020 में सीएनजी 59.50 रुपए किलो मिल रही थी। अब इसके लिए 83.80 प्रति किलो चुकाने पड़ रहे हैं। जबकि पीएनजी रसोई गैस 29.50 एससीएम थी। जो कि अब 47 रुपए एससीएम हो गई है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.