लखनऊ

भारत जोड़ो यात्रा से भाजपा डरी, सहमी और घबराई हुई है: प्रमोद तिवारी

भारत जोड़ो यात्रा’ इस समय हरियाणा से गुजर रही है और 24 दिसंबर को इसके दिल्ली में प्रवेश करने की संभावना है : सांसद

लखनऊDec 23, 2022 / 07:34 am

Ritesh Singh

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया की ओर से राहुल गांधी को भेजे गए पत्र में कोविड के नए वेरिएंट फैलने का हवाला देते हुए भारत जोड़ो यात्रा स्थगित करने का आग्रह किया गया है। उस पर कांग्रेस के बहुत से नेताओं और प्रवक्ताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी हैं।
भाजपा डरी, सहमी, घबराई हुई है

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, “दरअसल भाजपा डरी, सहमी, घबराई हुई है। उन्होंने ने कहा कि “मोदी जी ने त्रिपुरा में रैली की, वह पिछले दिनों गुजरात घूम कर भी आए हैं। उन्होंने कहीं मास्क नहीं लगाया, कोविड के नए वेरिएंट के फैलने के मद्देनजर स्वास्थ्य मंत्रालय का यह पत्र मोदी जी को भी मिलना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री के सियासत गरमाई

मंडाविया ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लिखे पत्र में कहा है कि “भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कोविड दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए और मास्क-सैनिटाइजर का उपयोग लागू किया जाए। सबसे अच्छा होगा कि फिलहाल इस यात्रा को स्थगित कर दिया जाए। स्वास्थ्य मंत्री के इस पत्र सियासत लगातार गरमा रही है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के माध्यम से प्रधानमंत्री को पत्र भेजना चाहिए

सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, “स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोविड फैलने के मद्देनजर मोदी जी को पत्र क्यों नहीं भेजा? अभी वह त्रिपुरा में रैली करके आ रहे हैं और दावा किया जा रहा है कि 10000 लोग वहां थे। त्रिपुरा तो चीन से सटा हुआ भी है। स्वास्थ्य मंत्रालय राहुल गांधी को पत्र लिख रहा है जबकि स्वास्थ्य मंत्रालय को प्रधानमंत्री को कोविड के नए वेरिएंट के फैलने के मद्देनजर पत्र लिखना चाहिए था। मोदी जी तो गुजरात भी घूम कर आए हैं। उन्होंने कहीं कोई मास्क नहीं लगाया था। दरअसल, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की सफलता को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी डरी, सहमी हुई और घबराई हुई है।
राहुल गाँधी की यात्रा जम्मू-कश्मीर में ही होगी ख़त्म

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा गैर-राजनीतिक है। वह लोगों को यह समझाने के लिए हजारों किलोमीटर की पदयात्रा कर रहे हैं कि एक समुदाय से दूसरे समुदाय को लड़ाने से देश का फायदा नहीं, नुकसान होगा। बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से लोगों का ध्यान हटाने के लिए भाजपा नफरत फैला रही है। मैं इतना कहना चाहता हूं कि देश सजग है। लोग समझ रहे हैं कि जिस समय कोविड को लेकर कहीं कोई प्रतिबंध नहीं, तब भारत जोड़ो यात्रा को रोकने की कोशिश का मकसद क्या है। राहुल गांधी जी को जिस तरह से सफलता मिल रही है, कई अन्य दलों के लोग भी उन्हें समर्थन दे रहे हैं, कई गैर-राजनीतिक बड़ी हस्तियां भी इस यात्रा में शामिल हुई हैं। निस्संदेह भाजपा इससे घबराई हुई है।”
कन्याकुमारी से शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ इस समय हरियाणा से गुजर रही है और 24 दिसंबर को इसके दिल्ली में प्रवेश करने की संभावना है। चार महीनों से जारी यह यात्रा अगले महीने जम्मू-कश्मीर में जाकर खत्म होगी।

Hindi News / Lucknow / भारत जोड़ो यात्रा से भाजपा डरी, सहमी और घबराई हुई है: प्रमोद तिवारी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.