
मैनपुरी छात्रा की मौत मामले में कांग्रेस ने बीजेपी पर लगाये गंभीर आरोप, सरकार के सामने रखीं ये चार मांगें
लखनऊ. कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा 'मोना' ने बुधवार सुबह प्रेसवार्ता कर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। मैनपुरी के नवोदय विद्यालय में छात्रा की मौत का मामला उठाते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार बलात्कार और हत्याओं की घटना को दबा रही है। उन्होंने कहा कि परिवार लगातार हत्या की आशंका व्यक्त करता रहा, लेकिन प्रशासन उसे आत्महत्या बता मामले को दबाता रहा। 28 नवंबर को जब प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच की मांग, तब सरकार को सुध आई। कमाल की बात है कि मुख्यमंत्री को इस विषय की जानकारी तक नहीं थी। जिस तरह की बातें सामने आ रही हैं वह बहुत दुःखद है। सरकार आखिर मामले को दबाकर किसको बचाने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता ने कहा कि मैनपुरी की घटना में सीबीआई की जांच क्यों पेंडिंग डाली गई? बच्ची का परिवार लगातार कह रहा है कि हत्या हुई है, फिर भी क्यों छिपाया जा रहा। सिर्फ डीएम और एसपी को हटाने से न्याय नहीं है।
अपराधिक मामलों को क्यों छिपा रही सरकार
आराधना मिश्रा ने कहा कि 2017 के बाद आज तक एनसीआरबी की कोई रिपोर्ट सार्वजानिक क्यों नहीं हुई। यह दर्शाता है कि सरकार मामलों को छिपाना चाहती है, जबकि 2017 से पहले प्रत्येक वर्ष रिपोर्ट पब्लिश होती थी। इससे पता चलता है कि सरकार अपराधियों-बलात्कारियों को बढ़ावा दे रही है। महिला अपराधों को लेकर सरकार असंवेदनशील है। प्रदेश जानना चाहता है आखिर बीजेपी सरकार लगातार बलात्कार और हत्यायों की घटनाओं को क्यों दबा रही है। सरकार बताये कि सुरक्षा के लिए क्या उपाय किये हैं?
कांग्रेस की मांग
- मैनपुरी मामले में तत्काल सीबीआई जांच हो, ताकि परिवार को न्याय मिल सके।
- एक विमेन गर्ल्स चाइल्ड सेफ्टी इंडेक्स डेटा बनाया जाये
- एक कमीशन बने जो इन डेटा और सुविधाओं को देखे
- मैनपुरी के पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये सांत्वना राशि दी जाये और सुरक्षा प्रदान की जाये
Published on:
4 Dec 2019, 1:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.