scriptयह तो सिर्फ दो दिन के अपराध हैं… इन्हें पढ़कर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे | Crime in Uttar Pradesh | Patrika News

यह तो सिर्फ दो दिन के अपराध हैं… इन्हें पढ़कर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे

locationलखनऊPublished: Jan 20, 2020 05:43:46 pm

Submitted by:

Hariom Dwivedi

– 48 घंटों में अपराधों की बानगी- सीएम की लाख की कोशिश के बाद भी यूपी में अपराधी बेलगाम

Crime in Uttar Pradesh

यूपी के बिजनौर में आम के बाग में महिला का चारपाई समेत जला हुआ शव मिला

लखनऊ. योगी आदित्यनाथ सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद उत्तर प्रदेश में अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। सिर्फ दो दिन में रोंगटे खड़े करे देने वाले कई मामले सामने आये हैं। उन्नाव के नवाबगंज में छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपित ने पीड़िता के पिता की हत्या कर दी। बहराइच में एक युवती की हत्या कर हत्यारों ने सबूत मिटाने के लिए चेहरे को तेजाब से जला दिया। बिजनौर में महिला की गोली मारकर हत्या की गयी और सबूत मिटाने के लिए शव के ऊपर चारपाई डालकर आग लगा दी। कानपुर में बलात्कारियों ने रेप पीड़िता की मां को जमानत से छूटने के बाद पीट-पीटकर मार डाला। हर दिन किसी न किसी जिले से ऐसी खबरें आती हैं जो आपको विचलित कर देती हैं।
छेड़छाड़ का विरोध करने पर किशोरी के पिता की हत्या
19 जनवरी को उन्नाव के अजगैन थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की रविवार सुबह शौच के लिए खेत गई थी। रास्ते में एक युवक ने उससे छेड़छाड़ की। सूचना पर पहुंचे लड़की के पिता का आरोपी युवक ने गला घोंट दिया। कुछ देर बाद अस्पताल में उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद लोगों ने रोड जाम कर दी। पुलिस ने आरोपितत विनोद रावत को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ धारा-354 (छेड़छाड़), 304 (गैर इरादतन हत्या) और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
छेड़छाड़ के आरोपियों ने पीड़िता की मां को मार डाला
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में शोहदों ने केस वापस न लेने के कारण पीड़िता के घर में घुसकर उसकी मां को पैरों से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। मामला 2018 है, लेकिन पीड़िता की मां व मौसी पर हमला 9 जनवरी को हुआ था, जिसमें मां ने 18 जनवरी की रात को अस्पताल में दम तोड़ दिया। मामले में मां और मौसी दोनों गवाह थीं। पुलिस ने इस मामले में एक एनकाउंटर किया है. जबकि परवेज और आबिद नाम के दो दबंगों को गिरफ्तार किया है। अब तक इस मामले में कुल 10 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
हत्या कर खाट से बांध महिला का शव जलाया
बिजनौर में 18 जनवरी को गजरौला शिव और झलरा गांव के बीच आम के बाग में महिला का चारपाई समेत जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद हत्या कर शव को जलाने की आशंका जताई जा रही है। चारपाई पर शव का कंकाल ही शेष बचा था। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। आशंका है कि महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद हत्या की गई हो। प्रभारी निरीक्षक आरसी शर्मा ने बताया कि आशंका है कि हत्या के बाद शव को जलाया गया हो। मामले की जांच की जा रही है।
फतेहपुर में 6 साल की मासूम से रेप, हालत गंभीर
19 जनवरी को फतेहपुर के थरियांव थाने के एक गांव में पड़ोसी युवक ने छह वर्षीय मासूम के साथ रेप किया। गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर है। बच्ची किसी की काम के लिए घर से अकेले निकली थी। तभी पड़ोसी युवक ने उसे दबोच कर दुष्कर्म किया और गंभीर हालत में उसे छोड़कर भाग गया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पास्को एक्ट समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज उसे जेल भेज दिया है। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
तेजाब से जला था चेहरा, रेप के बाद हत्या की आशंका
बहराइच के मुर्तिहा कोतवाली के नौबना गांव से सटे खैरी जंगल में 18 जनवरी की सुबह एक युवती का नग्न अवस्था में शव पाया गया। युवती के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था और पहचान छुपाने के लिए तेजाब से उसके चेहरे को जलाने की कोशिश भी की गई थी। आशंका जतायी जा रही है कि युवती की रेप के बाद हत्या कर उसे जंगल में फेंक दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक रविंद्र सिंह ने बताया कि शव की वीडियोग्राफी कराकर युवती की पहचान के लिये पड़ोसी जिले की पुलिस से भी सहयोग लिया जा रहा है। पोस्टमार्टम आने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
दुष्कर्म के बाद भाजपा महिला नेता की हत्या!
19 जनवरी को औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र में भाजपा महिला नेता की हत्या से सनसनी फैल गई। पिता ने एक नामजद समेत तीन अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। फफूंद के गांव में रहने वाली युवती भाजपा महिला मोर्चा में पूर्व पदाधिकारी थी और सक्रिय कार्यकर्ता थी। मृतका के पिता का कहना है कि मुख्य आरोपित ने दो-तीन अज्ञात लोगों ने बेटी को शराब ठेका के अंदर खींचकर दुष्कर्म का प्रयास किया। असफल होने पर उसकी हत्या कर बगिया में शव फेंक दिया। तनाव के मद़्देनजर गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
योगीराज में महिला अपराध चरम पर : कांग्रेस
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में महिला अपराध चरम सीमा पर है। प्रदेश में महिलाओं के विरुद्ध अपराध जिस तेजी से बढ़ रहे हैं और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है वह और भी चिन्ता का विषय है। वर्ष 2017 में प्रदेश में महिलाओं के विरुद्ध अपराध के 56011 मामले दर्ज हुए जिनमें से 11202 मामले अपहरण के, 4246 बलात्कार, 676 सामूहिक बलात्कार, तेजाब से हमला करने के पश्चात महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने के इरादे से 12607 मामले और महिलाओं की मर्यादा को ठेस पहुंचाने के 91 मामले दर्ज हुए। इससे इतर सरकार अपराधमुक्त होने का झूठा दावा करके खुद अपनी पीठ थपथपा रही है।
यूपी बना अपराधों का प्रदेश : सपा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी किसके लिए जाना जाता था? यहां बेहतरीन सड़कें, लैपटॉप दिया लेकिन आज यूपी अपराधों का प्रदेश बन गया है महिला अपराध में नंबर वन, स्वास्थ में, बेरोजगारी में, ये नंबर वन इसलिए है क्योंकि हमारे मुख्यमंत्री को पता नहीं है कि नीचे से आता है या ऊपर से। कानपुर की घटना का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी ने कहा कि रोंगटे खड़े करने वाली घटना सामने आई है, जहां बेल पर छूटे रेपिस्टों ने पीड़ित महिला की मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। प्रदेश की कानून व्यवस्था खस्ता हो चुकी है, लेकिन प्रदेश के मुखिया के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। शर्मनाक एवं निंदनीय!
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो