एक दिन की डीएम बनी प्रतिमा भदौरिया ने सुनी जन शिकायतें, खामियों पर मांगा स्पष्टीकरण, वेतन रोकने के दिये आदेश
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से तय हुआ है कि जिले में मेधावी छात्राएं मिशन शक्ति का प्रतिनिधित्व करते हुए जिले के सभी प्रशासनिक पदों पर एक दिन का चार्ज संभाल कर उनका प्रतिनिधित्व करेंगी।

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
कन्नौज. नारी सशक्तिकरण को लेकर जिले में आज एक अलग नजारा नजर आया। जिले के सभी प्रशासनिक पदों पर एक दिन के लिए जिले की मेधावी बेटियों ने चार्ज संभाला। चार्ज संभालते ही एक दिन की सांकेतिक डीएम बनी बेटी प्रतिमा भदौरिया ने जन शिकायतें सुनी तो वहीं आकस्मिक निरीक्षण कर खामियों पर स्पष्टीकरण मांग वेतन रोकने के आदेश दिए। वहीं एक दिन की सांकेतिक एसपी बनी मेधावी बेटी चांदनी ने थानों का निरीक्षण किया। वहीं यातायात माह के अंतर्गत हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। मेधावी बेटियों ने पदभार ग्रहण कर जहां एक और खुशी जताई तो वही पदों के कार्यभार को एक मुश्किल काम बताया।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से तय हुआ है कि जिले में मेधावी छात्राएं मिशन शक्ति का प्रतिनिधित्व करते हुए जिले के सभी प्रशासनिक पदों पर एक दिन का चार्ज संभाल कर उनका प्रतिनिधित्व करेंगी। इसके अंतर्गत आज जिले के विभिन्न मुख्य प्रशासनिक पदों पर मेधावी बेटियों ने चार्ज संभाला। इसमें साइंस से बीएससी की मेधावी छात्रा प्रतिमा भदौरिया ने एक दिन का सांकेतिक डीएम का कार्यभार संभालते ही अपने तेवर दिखाए, जहां उन्होंने पहले अपने डीएम दफ्तर में फरियादियों की शिकायतें सुनी तो वही उसके बाद एक दिन की सांकेतिक डीएम साहिबा बनी प्रतिमा भदौरिया ने कन्या प्राथमिक विद्यालय ऋतु कला का निरीक्षण किया। यहां जो कमियां पाई गई उसमें संबंधित लोगों को निर्देश दिए। वही वहां बने शौचालय में पानी की व्यवस्था ना देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने बेसिक शिक्षा कार्यालय का निरीक्षण किया। यहां जो भी कर्मचारी अनुपस्थिति थे उनसे स्पष्टीकरण मांगा और स्पष्टीकरण आने तक उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं अन्य खामियों पर नजर बनाते हुए उनको सही कराने के निर्देश दिए।
अब पाइए अपने शहर ( Lucknow News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज