Flood in Uttar Pradesh: जब जीवनदायिनी ही बन जाए काल, यूपी में बाढ़ मचा रही है हाहाकार, ये जिले हैं चपेट में…
लखनऊPublished: Jul 23, 2023 03:42:49 pm
Flood in Uttar Pradesh: यूपी की कई नदियां अभी भी उफान पर हैं। जिससे बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। कई गाँवों का संपर्क टूट गया है वहीँ लोगों की रोज़मर्रा की जरूरतें भी पूरी नहीं हो पा रही हैं। ये इलाके हैं प्रभावित।


यूपी की कई नदियां अभी भी उफान पर हैं। जिससे बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। कई गाँवों का संपर्क टूट गया है वहीँ रोज़मर्रा की जरूरतें भी पूरी नहीं हो पा रही हैं। वाराणसी में गंगा का जलस्तर हर घंटे 2 सैंटीमीटर बढ़ रहा है। 84 घाटों का संपर्क टूट गया है। फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान से 20 सेमी ऊपर बह रही हैं। 120 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। यूपी में मानसून फिर सक्रिय हो रहा है। इससे बाढ़ की समस्या और बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने 16 जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। बिजली गिरने की भी आशंका जताई है। यूपी में 26 जुलाई तक मानसून सक्रिय रहेगा।
कानपुर की ओर लगातार आ रहा बाँध का पानी
कानपुर में शनिवार को 2.81 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। दूसरी ओर नरौरा से 1.80 लाख क्यूसेक पानी आ रहा है। शुक्लागंज के निचले गांव अगले 48 घंटे के भीतर बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं। कटरी के गांव चैनपुरवा से सिर्फ 100 मीटर की दूरी पर गंगा रह गईं हैं।