scriptटूरिस्ट स्पॉट बनेगी गोमती, वॉटर स्पोर्ट, सेल्फी प्वाइंट और फूड कोर्ट का बनेगा केंद्र | gomti riverfront view to change in tourist hub | Patrika News

टूरिस्ट स्पॉट बनेगी गोमती, वॉटर स्पोर्ट, सेल्फी प्वाइंट और फूड कोर्ट का बनेगा केंद्र

locationलखनऊPublished: Feb 12, 2020 05:16:36 pm

Submitted by:

Karishma Lalwani

– गोमती रिवरफ्रंट के जरिये गोमती नदी की बदलेगी तस्वीर
– पर्यटन का केंद्र बनेगी गोमती
– सुंदरता को बनाए रखने के लिए प्राधिकारण गठित करने की योजना
– फूड कोर्ट, सेल्फी प्वाइंट, वॉटर स्पोर्ट का लेंगे मजा

टूरिस्ट स्पॉट बनेगी गोमती, वॉटर स्पोर्ट, सेल्फी प्वाइंट और फूड कोर्ट का बनेगा केंद्र

टूरिस्ट स्पॉट बनेगी गोमती, वॉटर स्पोर्ट, सेल्फी प्वाइंट और फूड कोर्ट का बनेगा केंद्र

लखनऊ. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट रहे गोमती रिवरफ्रंट देश भर में सुर्खियां बटोर चुका है। अवध की शाम ढलते ही सतरंगी रोशनी से जगमग फव्वारे और गोमती पुल से नदी में गिरती रंगीन पानी की धार देखकर उधर से निकलने वाला हर कोई व्यक्ति एक क्षण ठहर जाता है। भाजपा सरकार अखिलेश के इस ड्रीम प्रोजेक्ट की अब कायापलट करने की तैयारी में है। राजधानी लखनऊ की शान कही जाने वाले गोमती रिवरफ्रंट (Gomti Riverfront) को अब नया स्वरूप दिया जाएगा। डिफेंस एक्सपो (Defence Expo) के शानदार आयोजन के बाद गोमती रिवरफ्रंट को टूरिस्ट स्पॉट में बदलने की तैयारी है, जहां नदी के खूबसूरत नजारों के साथ ही त्योहारों और शहर में होने वाले इवेंट्स का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन गोमती रिवरफ्रंट के जरिये गोमती नदी (Gomti River) की तस्वीर बदलने की तैयारी में है। गोमती नदी को गुजरात की साबरमती नदी के तट की तरह खूबसूरत और सांस्कृतिक बनाने के लिए प्राधिकारण बनाने की कवायद शुरू कर दी है। लखनऊ जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश (Lucknow Dm) गोमती किनारे डिफेंस एक्सपो के सफल आयोजन के बाद इसकी सुंदरता को बनाए रखने के लिए प्राधिकारण गठित करने की योजना बनाई है, जिस पर मंडलायुक्त मुकेश मेश्राम ने सहमति दे दी है।
वॉटर स्पोर्ट का लेंगे मजा

गोमती के सौंदर्यीकरण की कवायद में योजना तैयार की गई है। लखनऊ विकास प्राधिकारण मुकेश मेश्राम ने जिला प्रशासन को ड्राफ्ट तैयार कर गोमती के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए हैं। इसमें दो चरण में काम होगा। गोमती रिवरफ्रंट प्राधिकारण पहले चरण के अंतर्गत हनुमान सेतु मंदिर से ला मार्टिनियर कॉलेज के पीछे तक विकसित किया जाएगा। दूसरे चरण में उन कामों को शामिल किया जाएगा जहां से नगर निगम सीमा का विस्तार होगा। प्राधिकारण बन जाने के बाद लगातार गोमती रिवरफ्रंट का विकास होता रहेगा।
जिला प्रशासन गोमती रिवरफ्रंट के जरिये पर्यटन की अपार संभावनाएं देख रहा है। इसलिए गोमती रिवरफ्रंट को इस तरह निखारने की तैयारी की जा रही है कि इसे टूरिस्ट स्पॉट के तौर पर भी विकसित किया जा सके। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश के मुताबिक गोमती को पीपीपी मॉडल और सीएसआर फंड की मदद से विकसित किया जाएगा। योजना के तहत यहां फूड कोर्ट, सेल्फी प्वाइंट और पार्किंग एरिया भी बनाई जाएगी। साथ ही कल्चरल इवेंट्स और वॉटर स्पोर्ट आयोजित कराए जाएंगे, जिससे शहर के लोगों का गोमती से जुड़ाव बढ़ेगा और इससे राजस्व को भी फायदा होगा।
ओडीओपी को भी बढ़ावा

गोमती को सजाने संवारने के साथ ही ओडीओपी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसलिए सरकार की प्राथमिकता वाले ओडीओपी की प्रदर्शनी के जरिए जहां कलाकृतियों को एक प्लेटफार्म मिलेगा, वहीं दूसरी ओर इसी बहाने गोमती रिवरफ्रंट पर लोगों की आमद भी बढ़ेगी।
मुकेश मेश्राम ने बताया कि गोमती के सौंदर्यीकरण को लेकर जो योजना बनाई गई है, उसके लिए राज्य सरकार से अनुमति मिलते ही प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गोमती रिवर डेवलपमेंट अथॉरिटी नाम की टीम गठित की जाएगी। इसमें जिला प्रशासन प्राधिकारण के उपाध्यक्ष और म्यूनिसिपल कमिश्नर, सीईओ होंगे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो