लखनऊ

सूर्य होंगे इस साल के हिंदू नव वर्ष के राजा, जानें राशि के अनुसार क्या प्रभाव पड़ेंगे

ज्योतिषाचार्य राजेन्द्र तिवारी ने बताया है कि रविवार से नया संवत शुरू हो जाएगा और इस वर्ष के सूर्य राजा होंगे और शनि मंत्री रहेंगे।

लखनऊMar 15, 2018 / 04:22 pm

Mahendra Pratap

लखनऊ. इस वर्ष 18 मार्च दिन रविवार से हिंदू नव वर्ष विक्रम संवत 2075 शुरू हो जाएगा। ऐसी मान्यता है कि इसी दिन ब्रह्मा ने पूरी सृष्टि की रचना की थी। लखनऊ निवासी ज्योतिषाचार्य राजेन्द्र तिवारी ने बताया है कि रविवार से नया संवत शुरू हो जाएगा और इस वर्ष के सूर्य राजा होंगे और शनि मंत्री रहेंगे। राजा और मंत्री के विचारों में काफी मतभेद होते रहते हैं इसी के चलते इस साल राशियों पर इसका प्रभाव देखने को मिलेगा।

जानें किन राशि वालों के लिए कैसा रहेगा यह साल

लखनऊ निवासी ज्योतिषाचार्य राजेन्द्र तिवारी ने बताया है कि इस साल कई राशियों के लिए यह नव वर्ष बहुत ही फलदायी होगा और सभी मनो कामनाएं पूरी होंगी। लेकिन कुछ राशि वालों के लिए थोड़ी दिक्कतें भी आएंगी। वे इन बताए गए उपायों को अपनाएं तो उनकी सारी मनोकामनाएं पूरी होने के आसार बढ़ सकते हैं और सभी पापों से मुक्ति मिल जाएगी।

मेष राशि

मेष राशि वालों के लिए नूतन वर्ष लगभग बहुत अच्छा रहेगा। लेकिन 11 अक्तूबर को बृहस्पति के इनके अष्टम भाव में जाने के कारण कुछ परेशानियों का अनुभव होगा। इससे निदान के लिए गाय को रोटी खिलाएं। गरीब विद्यार्थियों को किताबें दान करें। जिससे आपकी सारी मनोकामनाएं पूरी हो जाएं।

वृष राशि

इस वर्ष के प्रारंभ में आपको कई प्रकार की परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। कार्य होते-होते रुक सकते हैं। बिगड़े काम बनाने के लिए बृहस्पिति और शनि का पूजन करें। हनुमान के खुश करने के लिए सुंदर कांड का पाठ करने से आपका कल्याण होगा। काले कुत्ते को रोटी खिलाने से भी लाभ मिलेगा।

मिथुन राशि

मिथुन राशि वाले लोगों के लिए यह वर्ष बहुत अच्छा है। सारे रुके कार्य होंगे। घर में मांगलिक उत्सव होंगे। 11 अक्टूबर के बाद विष्णुसहस्त्र नाम का पाठ करने से लाभ होगा। विद्यालय में शिक्षा संबंधी वस्तुओं का भी दान करें।

कर्क राशि

ये संवत्सर मध्यम फल कारक होगा। 11 अक्टूबर के बाद इनके रुके हुए सारे कार्य सिद्ध होंगे। ग्रहों को और उत्तम बनाने के लिए भगवान शिव का पूजन करना लाभकारी रहेगा।

सिंह राशि

ये वर्ष मध्यम शुभफल कारक होगा। जहां पद प्रतिष्ठा में उन्नति प्राप्त होगी, वहीं शारीरिक कुछ कष्ट भी मिल सकते हैं। इसके लिए सूर्य की आराधना करें। गाय को गुड़ खिलाएं और पीली वस्तुओं का दान करें।

कन्या राशि

नूतन वर्ष बहुत अच्छा होगा। शत्रु पराजित होंगे। पारिवारिक सुख-समृद्धि प्राप्त होगी। परिवार में मांगलिक कार्य होंगे। 11 अक्टूबर के बाद बृहस्पति का प्रभाव होने से कार्य में व्यवधान प्राप्त होगा। इसके लिए ऊं बृंग बृहस्पतये नम: मंत्र का जप करें और श्री सीताराम का पूजन करें।

तुला राशि

ये वर्ष शुभ फल कारक है। घर में मांगलिक उत्सव। यदाकदा झगड़ा-झंझटों के कारण दिमागी उलझन हो सकती है। इसके निदान के लिए मां दुर्गा की आराधना करें। महिलाओं के प्रति आदर भाव रखें।

वृश्चिक राशि

ये वर्ष मिलाजुला रहेगा। घर परिवार से दूर रहना पड़ सकता है। विश्वास पात्रों से धोखा मिलने की संभावना है। इससे बचाव के लिए पीपल पेड़ के नीचे दीपक का दान करें और भगवान शनि की आराधना करें।

धनु राशि

इस राशि के लोगों के लिए ये वर्ष शुभ फल देना वाला है। लेकिन, मध्य साढ़े साती होने से दुर्घटना से कष्ट हो सकता है। शिव सहस्त्र नाम का जप करें जिससे कष्ट दूर होंगे।

मकर राशि

नए वर्ष की शुरुआत अच्छी नहीं होगी। पद-प्रतिष्ठा, सम्मान, धन में कमी होगी। बृहस्पति और शनि ग्रहों को खुश करने के लिए दान और पूजन करें। गरीबों को कंबल और ब्राह्मणों को पुस्तक और पीला अन्न दान करें।

कुंभ राशि

ये वर्ष इस राशि वालों के सबसे ज्यादा लाभ देने वाला है। इनके रुके हुए कार्य जल्दी पूरे होंगे। नौकरी में वेतन वृद्धि होगी और धनलाभ होगा। हालांकि, जुलाई के बाद पेट संबंधी परेशानी हो सकती है। इससे बचने के लिए कुत्ते को रोटी खिलाएं , बंदरों को गुड़ और चना खिलाएं।

मीन राशि

मीन राशि वाले लोगों का इस वर्ष का शुरुआती दौर परेशानी से भरा होगा। यात्राएं करनी पड़ेंगी। नौकरी में बाधाएं उत्पन्न होंगी। इससे बचने के लिए गुरुवार को केले और पीपल के पेड़ पर जल चढ़ाएं। विद्यार्थियों को केला बांटें। 11 अक्टूबर के बाद रुके कार्य पूरे हो जाएंगे।

 

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.