scriptपूरे प्रदेश में बारिश से बिगड़ा मौसम, कई जगह गिरे ओले | imd forecast news on heavy rain in winter in up and other areas | Patrika News

पूरे प्रदेश में बारिश से बिगड़ा मौसम, कई जगह गिरे ओले

locationलखनऊPublished: Dec 13, 2019 03:11:40 pm

Submitted by:

Karishma Lalwani

-सुबह से हो रही बारिश, बढ़ गयी हाड़ कंपाती ठंड

राजधानी में हुई झमाझम बारिश ने बढ़ाई ठंड, गिरे ओले, कई उड़ाने हुईं रद्द

राजधानी में हुई झमाझम बारिश ने बढ़ाई ठंड, गिरे ओले, कई उड़ाने हुईं रद्द

लखनऊ. पहाड़ी इलाकों में होने वाली बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में दिखने लगा है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम के तेवर बदले-बदले से हैं। गुरुवार को राजधानी में सुबह से ही बूंदाबांदी हुई और पूरे दिन बादल छाए रहे। इसका असर शुक्रवार को भी जारी रहा। राजधानी लखनऊ में सुबह पांच से ही बारिश का सिलसिला जारी रहा। वहीं प्रदेश के कई शहरों में ओले भी गिरे। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार, बारिश के बाद तापमान में गिरावट के साथ ही ठंड बढ़ जाएगी। इस बीच तापमान के 8 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य के मुकाबले आठ डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 14 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वायुमंडल में आर्द्रता 100 फीसद रही। सुबह से ही राजधानी में बादलों के साथ सूर्य की लुकाछिपी जारी थी। अभी तक गुनगुनी धूप का लुत्फ उठा रहे लोगों को अपने कमरों में ही कैद होना पड़ा। लिहाजा ठंड से बचाव के इंतजाम के लिए लोगों ने अब हीटर जलाने शुरू कर दिए हैं।
उड़ानों पर भी असर

बदलते मौसम और भारी बारिश का असर उड़ानों पर पड़ा है। दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से 26 से ज्यादा उड़ानों को डाइवर्ट किया गया। पंजाब, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, मध्यप्रदेश, राजस्थान समेत कई मौदानी इलाकों में जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग ने 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया है। वहीं, गुरुवार को हुई बारिश के कारण लुधियाना सबसे ठंडा शहर रहा। यहां गुरुवार को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया।
स्कूलों में छुट्टी

सुबह तड़के बारिश हुई तो ठंड ने भी अपने पांव पसार दिए। मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए प्रदेश के कई स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई। सीतापुर, रायबरेली और हरदोई में भारी बारिश को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।
अभी और बढ़ेगी ठंड

रायबरेली और रामपुर में बारिश के साथ-साथ ओले भी गिरे। मौसम विभाग निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि बारिश का असर तापमान पर पड़ेगा। बारिश का दौर जारी रहेगा। तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि भी होगी जिसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। बारिश के बाद गलन भरी ठंड और बढ़ जाएगी जिससे कि मध्य दिसंबर में कड़ाके की ठंड का एहसास होगा। कोहरा भी बढ़ेगा।
राजधानी में हुई झमाझम बारिश ने बढ़ाई ठंड, गिरे ओले, कई उड़ाने हुईं रद्द
ओलावृष्टि से मायूस हुए किसान मौसम में बदलाव से किसानों के पसीने छूट रहे हैं। ओलावृष्टि ने किसानों की मायूसी बढ़ा दी है। इस समय गेहूं फसल के लिए संजीवनी से कम नहीं है। ठंड के साथ-साथ बरसात गेहूं में नाइट्रोजन की कमी को पूरा करता है। इसे कम खाद की जरूरत पड़ती है। यही वह मौसम होता है जब गेहूं का दाना अपना सही आकार लेता है। अगर ओलावृष्टि हुई, तो गेहूं की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। इससे गेहूं का दान कमजोर हो जाता है और वजन कम रह जाता है। वहीं, महाराष्ट्र में भी नींबू की फसल प्रभावित हुई है। मध्यप्रदेश में भी बारिश से खेतों में पानी भर गया है।
आकाशीय बिजली गिरने से मौत

ललितपुर में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो की मौत हो गई। गांव गदयाना में अनेक सिंह (45) व ग्राम रजवारा के किसान संजय (35) की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। दोनों अपने खेतों में काम कर रहे थे। बूंदाबांदी शुरू होने के बाद दोनों अपनेआप को बारिश से बचाने के लिए खेत में रखे ट्रैक्टर ट्रॉली की तरफ दौड़े। इसी दौरान गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने से दोनों किसान झुलय गए। उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस बार कम पड़ेगी ठंड

भारतीय मौसम विभाग ने पिछले वर्ष की तुलना में इस साल कम ठंड पड़ने की आशंका जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि देश के अधिकतर हिस्सों में इस बार औसत न्यूनतम तापमान की तुलना में गर्म रहने की संभावना है

ट्रेंडिंग वीडियो