script

कुशीनगर एयरपोर्ट निर्माण प्रक्रिया 2010 में शुरू हुई थी तब सपा सरकार नहीं थी : स्वतंत्र देव सिंह

locationलखनऊPublished: Oct 21, 2021 11:26:10 am

– अखिलेश यादव पर बरसे स्वतंत्र देव सिंह- अखिलेश यादव ने 2012 से 2017 तक पांच साल तैयार किया था अपराध का रनवे – अपनी सरकार में विकास करते तो दूसरी सरकार के कामों का श्रेय छीनने की जरूरत नहीं पड़ती- पांच साल माफिया और गुंडों के पायलट बने रहे और अब अखिलेश से देखी नही जा रही हैं योगी सरकार की विकास परियोजनाएं

SWATANTRA DEV SINGH

SWATANTRA DEV SINGH

लखनऊ. सपा सुपीमो अखिलेश यादव का मखौल उड़ाते हुए उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहाकि, अपनी सरकार में माफिया और आतंकवादियों के पायलट बने रहे और अब योगी सरकार के विकास को देख कर आंखें फटी रह गई हैं।
भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने एक बयान में कहाकि, अपने कार्यकाल में सिर्फ अपराध का रनवे तैयार करने के लिए कुख्यात सपा अध्यक्ष को समझ नही आ रहा है कि कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के उद्घाटन पर अपनी खिसियाहट कैसे मिटाएं। जाहिर है, उनको उलजलूल और मिथ्या प्रचार का सहारा लेना पड़ रहा है। अपना विवेक और याददाश्त दोनों खो चुके अखिलेश यादव को यह भी याद दिलाना जरूरी है कि, प्रदेश में 2010 में उनकी सरकार थी ही नहीं, जब कुशीनगर एयरपोर्ट के प्रोजेक्ट की प्रक्रिया शुरू हुई थी।
सपा का कहना, कुशीनगर एयरपोर्ट उनके कार्यकाल में हुआ था शुरू :- स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि, सपा के मुंगेरी लाल कह रहे हैं कि बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली के रूप में प्रतिष्ठित कुशीनगर के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना की शुरुआत उनके कार्यकाल में हुई थी। कुशीनगर में 101 एकड़ भूमि पर 1644X23 मीटर रनवे के साथ कसया राजकीय हवाई पट्टी वर्ष 2010 में नागरिक उड्डयन विभाग से पर्यटन विभाग को हस्तांतरित की गई। बौद्ध पर्यटन के अन्तरराष्ट्रीय महत्व एवं अन्तरराष्ट्रीय पर्यटकों की बढ़ती अभिरूचि का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने अप्रैल 2011 तक लगभग 488 एकड़ भूमि का क्रय/अधिग्रहण करके कसया राजकीय हवाई पट्टी की 101 एकड़ भूमि को सम्मिलित करते हुए कुल 589 एकड़ भूमि पर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण की परिकल्पना की थी। अब बताने की आवश्यकता नहीं है कि 2011 में प्रदेश में सपा की सरकार नहीं थी।
वर्ष 2019 में किसकी सरकार थी :- स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 2019 में योगी सरकार ने एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ अनुबंध किया था जिसके बाद ही इसे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दर्जा मिलने की प्रक्रिया शुरू हो सकी थी। अब अखिलेश को यह भी बताना पड़ेगा कि यह उस समय भी यहां उनकी सरकार नहीं थी। उस समय यहां हवाई पट्टी ही थी लेकिन इतने अल्प समय में प्रदेश की भाजपा सरकार ने विश्व स्तर का एयरपोर्ट बना कर दिखा दिया।
कुशीनगर एयरपोर्ट मोदी-योगी के प्रयासों का फल :- भाजपा अध्यक्ष ने यह भी स्मरण दिलाया कि यह केंद्र में मोदी सरकार और प्रदेश में योगी सरकार के प्रयासों का फल था कि वर्ष 2020 में भारत सरकार ने कुशीनगर एयरपोर्ट को अन्तरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दर्जा प्रदान किया और कुशीनगर एयरपोर्ट से अन्तर्राष्ट्रीय उड़ानों के संचालन के लिए नागर विमानन महानिदेशालय, ने दिनांक 22 फरवरी, 2021 को एयरोड्रोम लाइसेन्स जारी किया गया।
दूसरी सरकार का श्रेय लेना अशोभनीय :- भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहाकि, सपा से किसी अच्छे कार्य की तारीफ की उम्मीद तो नही की जा सकती है लेकिन दूसरी सरकार का श्रेय लेना तो ऐसे व्यक्ति पर शोभा नही देता है जो स्वयं मुख्यमंत्री रह चुका हो।
चुनाव 2022 में सपा को 22 सीटों के भी लाले :- स्वतंत्र देव सिंह ने कहाकि, अखिलेश के मुख्यमंत्रित्व काल में आतंकवादी हवाई जहाज से ले जाए जाते थे। शायद तभी उनको पायलट और रनवे की याद आ गई। खैर एक बार जनता सपा का इतना बुरा हश्र कर चुकी है कि वह भी समझ रहे हैं कि 2022 विधान सभा चुनाव में तो 22 सीटों के भी लाले पड़े हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो