कांग्रेस नेता अहमद पटेल के निधन से यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ सहित कई पार्टियों के मुखिया दुखी
लखनऊ. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का निधन पर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ सहित कई पक्ष विपक्ष के नेताओं ने दुख प्रकट किया।

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने शोक संदेश में कहाकि, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ राजनेता अहमद पटेल जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

अहमद पटेल न सिर्फ बुद्धिमान और अनुभवी साथी: प्रियंका गांधी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। प्रियंका गांधी ने ने कहाकि, अहमद पटेल न सिर्फ बुद्धिमान और अनुभवी साथी थे, जिनके पास मैं हमेशा सलाह और सहयोग के लिए जाती थी, बल्कि वो एक मित्र के भी समान थे, जो हमलोगों के साथ विश्वसनीय साथी के तौर पर खड़े रहे। प्रियंका गांधी ने कहा कि उनका निधन एक गहरा शून्य छोड़ गया है। उनकी आत्मा को शांति मिले।

उनका व्यक्तित्व बहुत सादा व काफी मिलनसार था : मायावती
बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने अपने ट्विटर पर लिखा कि, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व देश की राजनीति का जाना-पहचाना नाम अहमद पटेल के आज सुबह निधन की खबर अति-दुःखद। उनके परिवार व मित्रों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। उनका व्यक्तित्व बहुत सादा व काफी मिलनसार था। भारतीय राजनीति में उनकी गहरी छाप को हमेशा अच्छी नजर से देखा व याद किया जाएगा।

आत्मा को शांति प्रदान करें : ओमप्रकाश राजभर
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने लिखा कि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सांसद अहमद पटेल जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारजनों को इस अपार दुःख की घड़ी में संबल दें।
पुण्यात्मा को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।||ॐ शांति॥
अहमद पटेल के बेटे ने जानकारी दी :- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का आज तड़के 3.30 बजे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वे एक महीना से ज्यादा समय से कोरोना से पीड़ित थे। अहमद पटेल के बेटे फैजल पटेल ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।

अब पाइए अपने शहर ( Lucknow News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज