अपराधी विकास दुबे के करीबियों तथा फाइनेंसर जय वाजपेयी पर प्रवर्तन निदेशालय का शिकंजा कसता जा रहा है। पिछले सप्ताह जांच के लिए ईडी की टीम कानपुर पहुंची थी। ईडी टीम ने रजिस्ट्री दफ्तर में विकास दुबे व जय बाजपेयी से जुड़ी संपत्तियों का ब्यौरा खंगाला। चार दिनों की कड़ी मेहनत के बाद ईडी को कई अहम जानकारियों का पता चला। जिस बात को को लेकर ईडी टीम चौंकी उसमें विकास दुबे ने अपनी तमाम संपत्तियां एक गुर्गे के नाम की हुई थी। एक और नाम सामने आया है जो जय बाजपेयी का करीबी है।
सौरभ भदौरिया ने ईडी और अन्य जांच एजेंसियों को विकास दुबे और जय बाजपेयी से जुड़ी 139 संपत्तियों का विवरण सौंपा था। ईडी को विकास दुबे के 13 बैंक खातों के बारे में भी पता चला। सूत्रों के मुताबिक विकास दुबे और जय बाजपेयी के अलावा दो और नामों से जुड़ी संपत्तियों की जांच हो रही है। अब तक जांच में पता चला है कि गुमटी नंबर पांच निवासी एक युवक के नाम पर ही विकास ने सबसे अधिक संपत्तियां खरीदी थीं।