
लखनऊ. Lucknow Girl Case- राजधानी लखनऊ के कृष्णा नगर में एक युवती द्वारा कैब ड्राइवर की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। कैब चालक सआदत अली सिद्दीकी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित प्रियदर्शनी नारायण उर्फ लक्ष्मी निवासी केसरी खेड़ा कॉलोनी के खिलाफ लूट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद प्रियदर्शनी ने पिटाई मामले में सफाई देते हुए इमोशनल कार्ड खेला है। वहीं, कैब चालक को छोड़ने के एवज 10 हजार रुपए वसूलने के मामले में पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने जांच रिपोर्ट के बाद दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
प्रियदर्शनी वीडियो बयान जारी कर कैब चालक पर खुद को पीटने का आरोप लगाया है। कहा कि उसने मुझे पीटा और मारते हुए 300 मीटर तक ले गया, लेकिन पुलिस तमाशा देखती रही। कहाकि मैं उसको नहीं रोकती तो वह मुझे मार देता। चोट के निशान दिखाते हुए प्रियदर्शनी ने खुद तो बीमार बताया। कहा कि मुझे ब्रेन की प्रॉब्लम है। हार्ट और किडनी में भी दिक्कत है। लेकिन, पुलिस ने मुझ पर लूट का मुकदमा दर्ज किया है। क्या किसी फुटेज में मैं लूट करती दिखी?
प्रियदर्शनी ने इंस्ट्राग्राम पर लिखा, सब लोग मुझे ही ब्लेम कर रहे हैं। लेकिन, मेरी बात कोई नहीं सुनना चाहता। मैं हमेशा की तरह वहां से वाकिंग के लिए जा रही थी, वहां पर सिग्नल रेड हो चुका था। तभी कैब ड्राइवर ने मुझे टक्कर मार दी। भगवान की कृपा से मैं बच गई। वह अपनी गलती मानने की बजाय मुझसे बहस कर रहा था, इसलिए मैंने उसे तमाचा मारा। फिर भी अगर किसी को लगता है कि मैंने कानून हाथ में लिया है तो मैं माफी मांगती हूं। कहा कि मेरा मानना है कि चुप रहने के बजाय असामाजिक तत्वों को जवाब देना बेहतर है। यह मरने और उसके बाद कैंडल मार्च निकलवाने से तो बढ़िया ही है।
ट्विटर पर ट्रेंड करने लगा अरेस्ट लखनऊ गर्ल
कैब चालक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। ट्विटर पर लोगों ने प्रियदर्शनी के खिलाफ अभियान छेड़ दिया। लोग युवती के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। नतीजन, हैशटैग 'अरेस्ट लखनऊ गर्ल' टॉप में ट्रेंड करने लगा।
महिला आयोग ने किया हस्तक्षेप
युवती द्वारा पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने यूपी पुलिस को ट्वीट करते हुए निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग की थी। कैब चालक की तहरीर पर सोमवार को कृष्णानगर कोतवाली में प्रियदर्शनी के खिलाफ लूट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
दोषी पुलिसकर्मियों पर होगी कार्रवाई : कमिश्नर डीके ठाकुर
पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद इनके खिलाफ विभागीय जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर कृष्णानगर महेश दुबे ने अपनी रिपोर्ट में भोलाखेड़ा चौकी इंचार्ज हरेंद्र कुमार यादव समेत चार पुलिसकर्मियों को दोषी पाया है। उधर, भोलाखेड़ा चौकी इंचार्ज ने इंस्पेक्टर पर खुद को फंसाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने चालक से कोई घूस नहीं ली थी और कैब को इंस्पेक्टर के कहने पर छोड़ा था।
क्या है पूरा मामला
30 अगस्त को कृष्णानगर के अवध चौराहे पर एक कैब ड्राइवर की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह युवक को तमाचे जड़ती दिख रही है। मामले में पुलिस ने कैब ड्राइवर और उसके दो भाइयों पर शांतिभंग की कार्रवाई की। कैब ड्राइवर ने पुलिस पर 10 हजार रुपए लेकर छोड़ने का आरोप लगाया। मामले की जांच किसी दूसरे थाने की पुलिस या सीनियर अधिकारी से कराई जाये तभी उसे न्याय मिलेगा। सोशल मीडिया पर लगातार वीडियो वायरल होने के बाद मामले का सच सामने आया और पुलिस ने आरोपित महिला के खिलाफ केस दर्ज किया।
Updated on:
5 Aug 2021, 8:33 PM IST
Published on:
4 Aug 2021, 1:56 PM IST
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.