script

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के 19 पॉजिटिव मरीज, लखनऊ में भी बढ़ी संख्या

locationलखनऊPublished: Mar 19, 2020 02:36:58 pm

Submitted by:

Mahendra Pratap

आगरा के आठ, गाजियाबाद के दो, नोएडा के चार, लखनऊ के पांच मरीज

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के 19 पॉजिटिव मरीज, लखनऊ में भी बढ़ी संख्या

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के 19 पॉजिटिव मरीज, लखनऊ में भी बढ़ी संख्या

लखनऊ. कोरोना वायरस के उत्तर प्रदेश में गुरुवार तक 19 पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इनमें आगरा के आठ, गाजियाबाद के दो, नोएडा के चार, लखनऊ के पांच मरीज शामिल हैं। लखनऊ में गुरुवार को 2 नए मरीजों के मिलने के बाद पांच पॉजिटिव कोरोना वायरस मरीज की संख्या हो गई है।
आगरा में आठ :— उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया। जिसमें सात लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। यह संक्रमण यूरोप की यात्रा से लौटे एक ही परिवार के सदस्यों के आपस में एक साथ एक ही दावत में शामिल होने की वजह से फैला। दिल्ली में करोना वायरस का रोगी और दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती रोगी आपस में रिश्ते में साला-जीजा हैं। दिल्ली निवासी कोविड-4 (भारत में कोरोना का चौथा रोगी) आगरा निवासी अपने दो रिश्तेदारों के साथ यूरोप गए थे। बीती 26 फरवरी को वापस आए थे। दो मार्च को केंद्र सरकार के मुताबिक दिल्ली निवासी में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद इन सभी को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके बाद बेंगलुरु से आई एक महिला का एएमयू में हुई जांच के बाद कोविड 19 टेस्ट सैंपल पॉजिटिव आया है। इस महिला का पति भी कोरोना वायरस से संक्रमित है और उसका इलाज बेंगलुरु में चल रहा है। महिला एक दिन पहले ही बेंगलुरु से लौटकर अपने मायके आगरा आई थी। यह दंपत्ति पिछले महीने हनीमून मनाने इटली गया था। चीन के बाद इटली कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। आगरा में कोरोना संक्रमित लोगों की कुल संख्या आठ हो गई है।
लखनऊ में पांच:- लखनऊ में भारतीय मूल की एक महिला डॉक्टर में कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। यह 35 वर्षीय महिला डॉक्टर और उनका परिवार कनाडा के टोरंटो में रहता है। वह आठ मार्च को अपने पति के साथ लखनऊ अपने रिश्तेदारों से मिलने आई थी। उनके पति का भी दो बार परीक्षण किया गया। दोनों जांच रिपोर्ट निगेटिव आई। उन्हें फिलहाल केजीएमयू में ही रखा गया है। पर उनके एक रिश्तेदार में इसकी पुष्टि पाई गई।
लखनऊ में कोरोना वायरस का तीसरा मरीज किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) का एक डॉक्टर सामने आया है। डॉक्टर को गेस्ट हाउस में आइसोलेट किया गया। इसके साथ ही उनकी टीम को भी आइसोलेट किया गया है। टीम के अन्य डॉक्टरों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
गुरुवार सुबह को कोरोना वायरस से संक्रमित दो और मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। इनमें से एक मरीज निशातगंज का निवासी है, जबकि दूसरा लखीमपुर का रहने वाला है। दोनों मरीजों को फिलहाल केजीएमयू में भर्ती कराया गया है। लखनऊ के निशातगंज निवासी मरीज कुछ दिनों पहले यूके से लौटा था। लखीमपुर खीरी निवासी मरीज टर्की से घूमकर आया था। वापस आने के बाद ही दोनों में कोरोना वायरस के लक्षण पाए गए थे, जिसके बाद जांच के लिए उनके सैंपल लिए गए थे। गुरुवार सुबह रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
नोएडा में चार :- नोएडा के फेज-2 में 15 मार्च को लेदर गारमेंट कंपनी में काम करने वाले डायरेक्टर के कोरोना पॉजिटिव पाया गया। दरअसल, कम्पनी के डायरेक्टर हाल ही में फ्रांस और इटली से घूमकर लौटे थे। उसके बाद वह बीमार हो गए। उनमें कोरोना वायरस जैसे लक्षण पाए जाने पर जांच की गई तो उनकी रिपोर्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई।
नोएडा के सेक्टर-100 की सोसायटी की रहने वाली एक महिला कुछ दिन पहले फ्रांस से लौटी थी। महिला में कोरोना वायरस के लक्षण मिलने बाद सीएमओ ने पहले ही उन्हें जेम्स में भर्ती करवाकर सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेज दिया। महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। नोएडा के सेक्टर-78 का है। इस आदमी की रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई है। पॉजिटिव रिपोर्ट की सूचना के बाद सीएमओ ने मंगलवार सुबह को कोरोना वायरस से पीड़ित मरीज को जेम्स में भर्ती करवा दिया है। यह व्यक्ति कुछ पहले फ्रांस यात्रा से लौटा था। नोएडा के सेक्टर-41 निवासी युवक (26 वर्ष) कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। मरीज चार दिन पूर्व इंडोनेशिया से पत्नी के साथ घूमकर आया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद डाक्टरों ने उसे ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स में आइसोलेशन के लिए रखा है।
गाजियाबाद में दो :- गाजियाबाद में कोरोना वायरस के दो केस पॉजीटिव मिले। यह दोनों एक ही परिवार के हैं। कारोबारी पिता—पुत्र विदेश यात्रा कर लौटे थे। इसमें से एक जापान से तो दूसरा दुबई से यात्रा करके आया था। कोरोना पीड़ित कारोबारी के पुत्र का उपचार एमएमजी के आइसोलेशन वार्ड में चल रहा है। वहीं पिता का इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र की जिस सोसाइटी में कोरोना पीड़ित पिता-पुत्र रहते हैं, उसे संक्रमण रहित कर दिया गया है।

ट्रेंडिंग वीडियो