scriptमुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना : जीजा ने रचा ली साली से शादी, खुलासे के बाद सब हो गए भौचक्के | Maharajganj CM samuhik vivah yojana jija sali marriage astonished | Patrika News

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना : जीजा ने रचा ली साली से शादी, खुलासे के बाद सब हो गए भौचक्के

locationलखनऊPublished: Oct 19, 2021 12:41:37 pm

– महराजगंज में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में एक मामले का खुलासा – फर्जीवाड़े की जानकारी के बाद सरकारी कर्मचारियों के हाथ पांव फूले – शादीशुदा शख्स ने अपनी साली के साथ ही रचाया विवाह, जांच शुरू

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना :  जीजा ने रचा ली साली से शादी, खुलासे के बाद सब हो गए भौचक्के

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना : जीजा ने रचा ली साली से शादी, खुलासे के बाद सब हो गए भौचक्के

महराजगंज. महराजगंज में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में एक ऐसे मामले का खुलासा हुआ कि जिसने सुना वह भौचक्का रह गया। इस फर्जीवाड़े की जानकारी के बाद सरकारी कर्मचारियों के हाथ पांव फूल गए। हुआ यह कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत एक शादीशुदा शख्स ने अपनी साली के साथ ही विवाह रचा लिया। अब मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शादी में प्रति जोड़े पर 51 हजार रुपये खर्च होते हैं और वधू को 35 हजार रुपए के चेक मिलते हैं।
महराजगंज का मामला :- महराजगंज में बीते 13 अक्तूबर को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बड़िहारी निवासी एक शादीशुदा व्यक्ति ने अपनी साली के साथ विवाह कर लिया। जानकारी का खुलासा होने पर हड़कम्प मच गया। इस शादीशुदा शख्स के बच्चे भी हैं। इसके बावजूद सामूहिक विवाह योजना के तहत शादी के लिए पंजीकरण कराया और साली से शादी भी रचा ली। साथ ही शादी में मिले उपहार को भी उठा घर ले आया। विभागीय सूत्रों का कहना है कि अभी इस जोड़े में से किसी के खाते में धनराशि को नहीं भेजा गया है। शिकायत मिलते ही इसे होल्ड कर जांच बिठा दी गई है।
जांच कराई जा रही है :- जिला समाज कल्याण अधिकारी

जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर कुमार पांडेय ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। अभी धनराशि किसी के खाते में नहीं भेजी गई है। सच्चाई सामने आने पर सामान की वसूली के साथ कार्रवाई भी की जाएगी।
पंजीकरण के बाद सत्यापन :- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में पंजीकरण के बाद इसका सत्यापन कराया जाता है कि जोड़ा पात्र है या नहीं? इसके बाद हुए इस खुलासे से विभागीय अधिकारी और कर्मचारी बैचेन हैं।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना क्या है? :- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत एक शादी पर 51 हजार खर्च किए जाते हैं। 35 हजार रुपए लड़की के खाते में भेजे जाते हैं। 10 हजार रुपए से पायल, बिछिया, कपड़ा, बर्तन, बक्सा और श्रृंगारदान के लिए दिए जाते हैं। इसके अलावा छह हजार रुपए आयोजन पर खर्च होते हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो