script

नारी सुरक्षा के लिए हुआ ‘मिशन शक्ति’ का आगाज, हर थाने में होगी महिला हेल्प डेस्क, यूपी पुलिस में 20 प्रतिशत बेटियों की भर्ती

locationलखनऊPublished: Oct 17, 2020 03:38:34 pm

Submitted by:

Karishma Lalwani

मिशन शक्ति का शुभारंभ करते हुए सीएम ने कहा कि यह अभियान बलरामपुर में बर्बरता की शिकार हुई बिटिया को सच्ची श्रद्धांजलि है। इसके पहले उन्होंने जिले के देवीपाटन शक्तिपीठ तुलसीपुर में रात्रि विश्राम के बाद सुबह मां पाटेश्वरी का दर्शन किया।

मिशन शक्ति

मिशन शक्ति

लखनऊ. यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अश्विन मास की शुक्ल पक्ष यानी शारदीय नवरात्र के दिन ‘मिशन शक्ति’ की शुरुआत की। प्रदेश में महिलाओं व बालिकाओं के सम्मान और उनकी सुरक्षा के लिए शुरू किया गया यह अभियान नौ दिनों तक चलेगा। इसके बाद अप्रैल तक हर महीने यह अभियान एक-एक सप्ताह के लिए चलाया जाएगा, जिसके लिए अलग-अलग थीम निर्धारित की जाएगी। अभियान की शुरुआत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजधानी लखनऊ से की। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर की पुलिस लाइन में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मिशन का शुभारंभ किया। मिशन शक्ति का शुभारंभ करते हुए सीएम ने कहा कि यह अभियान बलरामपुर में बर्बरता की शिकार हुई बिटिया को सच्ची श्रद्धांजलि है। इसके पहले उन्होंने जिले के देवीपाटन शक्तिपीठ तुलसीपुर में रात्रि विश्राम के बाद सुबह मां पाटेश्वरी का दर्शन किया।
अपर मुख्य सचिव महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार एस. राधा चौहान ने शुक्रवार को विशेष अभियान ‘मिशन शक्ति’ के सफल क्रियान्वयन के संबंध में सभी जिला प्रोबेशन अधिकारियों, महिला कल्याण एवं जिला कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा महिलाओं, बालिकाओं व बच्चों की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के संदर्भ में एक व्यापक कार्ययोजना बनाई गई है। अभियान के तहत महिलाओं और बच्चों से जुड़े मुद्दों पर लोगों को जागरुक किया जाएगा। मिशन के तहत प्रदेश की 24 करोड़ जनता तक पहुंचकर उन्हें महिलाओं व बच्चों से संबंधित मुद्दों पर जागरूक किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। ‘मिशन शक्ति’ के तहत नियमित अंतराल पर विभिन्न चरणों में ‘थीम वार’ साप्ताहिक कार्यक्रम चलाए जायेंगे।
दुश्मनों की तस्वीर चौराहों पर लगेगी

सीएम योगी आदित्यनाथ ने रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित समारोह में कहा कि मिशन शक्ति के तहत प्रदेश भर में शोहदों व मनचलों को चिह्नित कर उनकी धरपकड़ की जाएगी। इसके साथ ही सभ्य समाज के दुश्मनों की तस्वीर चौराहों पर लगेगी। उन्होंने कहा कि बेटियों व महिलाओं की सुरक्षा और विघटनकारियों को कठोर सजा का संदेश देने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि बिटिया के दुष्कर्मियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर शीघ्र ही कठोर सजा दिलाई जाएगी। सीएम योगी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कोई रियायत नहीं बरती जाएगी।
हर थाने में महिला हेल्प डेस्क

अभियान में शामिल हर विभाग की कार्ययोजना होगी। महिलाओं को जागरूक करने के लिए नवरात्र के दौरान बने पूजा पंडालों में लघु फिल्म व गांव-गांव में नुक्कड़ नाटकों का सहारा लिया जाएगा। यही नहीं हर थाने में महिला हेल्प डेस्क बनाने के भी निर्देश दिए गए हैं। सभी थानों पर एंटी रोमियो स्क्वॉयड को शोहदों के खिलाफ अभियान भी चलाने को कहा गया है।
यूपी पुलिस में 20 प्रतिशत बेटियों की भर्ती

यूपी पुलिस में 20 प्रतिशत भर्ती बेटियों की होगी। मिशन शक्ति अभियान से 24 सरकारी विभाग व अंतर्राष्ट्रीय और सामाजिक संगठन जुड़ेंगे। इसके साथ ही हर माह में एक सप्ताह तक विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मिशन के तहत प्रदेश की 24 करोड़ जनता तक पहुंचकर उन्हें महिलाओं और बच्चों से संबंधित मुद्दों पर जागरूक किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। सीएम ने बताया कि 17 से 25 अक्तूबर के बीच प्रस्तावित कार्ययोजना के आधार पर हर एक दिन अलग-अलग विभागों को ‘लीड विभाग’ नामित किया गया है। लीड विभाग को मिशन के अंतर्गत निर्धारित दिन पर अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों को पूरे प्रदेश में ‘ग्रैंड-इवेन्ट’ के रूप में आयोजित करना होगा।

ट्रेंडिंग वीडियो