लखनऊ

बसपा में शामिल हो सकती हैं सांसद सावित्री बाई फुले, बीजेपी पर लगाये गंभीर आरोप, देखें वीडियो

बहराइच से बीजेपी सांसद सावित्री बाई फुले ने दिया इस्तीफा, कहा- जब तक जिंदा रहूंगी भारतीय जनता पार्टी में वापस लौटकर नहीं आऊंगी…

लखनऊDec 06, 2018 / 03:48 pm

Hariom Dwivedi

बसपा में शामिल हो सकती हैं सांसद सावित्री बाई फुले, बीजेपी पर लगाये गंभीर आरोप, देखें वीडियो

लखनऊ. बहराइच से भाजपा सांसद सावित्री बाई फुले ने गुरुवार को बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने बीजेपी को दलित विरोधी पार्टी बताया है। साथ ही भाजपा पर समाज को बांटने का आरोप लगाया है। फुले का कहना है कि जब तक वह जिंदा रहेंगी, कभी पार्टी में नहीं लौटेंगी। सांसद फुले बीते कई महीनों से दलितों के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ बगावती सुर अपनाये हुए थीं। पार्टी से इस्तीफे के साथ ही सियासी गलियारों में उनकी नई पॉलिटिकल पारी की चर्चा शुरू हो गई है। कहा जा रहा है कि अब वह बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। सावित्री बाई फुले का अगला राजनीतिक कदम क्या होगा? अभी उनकी ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बावजूद इसके अटकलों का दौर तेज हो गया है।
गुरुवार को लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता में सावित्री बाई फुले ने बीजेपी पर संविधान से छेड़छाड़ करने समेत कई आरोप लगाये। बीजेपी को दलित विरोधी पार्टी बताते हुए फुले ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों ने अपने कोई भी वादे पूरे नहीं किये। यह लोग मंदिर-मस्जिद का खौफ दिखाकर आपसी भाई चारा खत्म कर रहे हैं। आगामी 23 दिसंबर को वह लखनऊ के कांशीराम मैदान में महारैली करेंगी। इस रैली में देश भर से दलित समाज के लोग शामिल होंगे। सावित्री बाई फुले ने स्पष्ट कहा कि उन्होंने पार्टी से इस्ताफा दिया है, सांसदी से नहीं। कार्यकाल खत्म होने तक वह सांसद रहेंगी।
इसलिये देना पड़ा इस्तीफा
सांसद सावित्री बाई फुले ने कहा कि दिल्ली में संविधान विरोधी नारे लगाये गये, लेकिन आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद अब तक प्रमोशन में आरक्षण लागू नहीं किया गया। इस सरकार में मुस्लिमों-पिछड़ों और संविधान की धज्जियां उड़ा दी गयीं, जिसके चलते मैं आज भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे रही हूं। उन्होंने कहा कि मैं जब तक जिंदा रहूंगी बीजेपी में कभी वापस नहीं आऊंगी। सांसद ने कहा कि दलित होने की वजह से बीजेपी में मेरी हमेशा उपेक्षा हुई है और मेरी कभी कोई बात नहीं सुनी गई।
 

सावित्री बाई फुले का राजनीतिक करियर
स्नातक तक पढ़ी-लिखी सावित्री बाई फुले उत्तर प्रदेश में बीजेपी की दलित महिला सांसद हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी शब्बीर अहमद को करीब एक लाख वोटों से हराकर सावित्री बाई फुले लोकसभा पहुंची थीं। इससे पहले 2012 के विधानसभा चुनाव में बलहा (सुरक्षित) सीट से जीती थीं। वर्ष 2000 में बसपा सुप्रीमो मायावती ने उन्हें पार्टी से निस्कासित कर दिया था, जिसके बाद वह बीजेपी में शामिल हुईं।

Hindi News / Lucknow / बसपा में शामिल हो सकती हैं सांसद सावित्री बाई फुले, बीजेपी पर लगाये गंभीर आरोप, देखें वीडियो

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.