scriptबलात्कार पीड़िता को जिंदा जलाने की घटना पर बिफरीं प्रियंका गांधी, कहा- अमित शाह और योगी ने बोला झूठ | Priyanka Gandhi Vadra statement on Unnao Rape victim burnt alive | Patrika News

बलात्कार पीड़िता को जिंदा जलाने की घटना पर बिफरीं प्रियंका गांधी, कहा- अमित शाह और योगी ने बोला झूठ

locationलखनऊPublished: Dec 05, 2019 12:45:03 pm

जमानत पर छूटे रेप के आरोपियों ने पीड़िता पर केरोसीन छिड़क कर जिंदा जलाया, हालत गंभीर…

बलात्कार पीड़िता को जिंदा जलाने की घटना पर बिफरीं प्रियंका गांधी, कहा- अमित शाह और योगी ने बोला झूठ

बलात्कार पीड़िता को जिंदा जलाने की घटना पर बिफरीं प्रियंका गांधी, कहा- अमित शाह और योगी ने बोला झूठ

लखनऊ. कांग्रेस महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि देश के गृह मंत्री अमित शाह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से साफ-साफ झूठ बोला है। दरअसल उन्नाव में जमानत पर जेल से बाहर आए आरोपियों ने गुरुवार सुबह रेप पीड़िता को जिंदा जला दिया। इस घटना पर प्रियंका गांधी ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
प्रियंका गांधी का ट्वीट

प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि कल देश के गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ-साफ झूठ बोला कि यूपी की कानून व्यवस्था अच्छी हो चुकी है। लेकिन हर रोज ऐसी घटनाओं को देखकर मन में रोष होता है। भाजपा नेताओं को भी अब फर्जी प्रचार से बाहर निकलना चाहिए।

रेप पीड़िता को जिंदा जलाया

दरअसल उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में भी एक बलात्कार पीड़िता को जलाकर मारने का प्रयास किया गया है। घटना उन्नाव जिले के बिहार थाना क्षेत्र में हिंदू नगर पाटन खेड़ा गांव की बताई जा रही है। आनन-फानन दुष्कर्म पीड़िता को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। रेप पीड़िता को जमानत पर छूट कर आए दो आरोपियों ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर जिंदा जलाया है। बताया जा रहा है कि युवती करीब 80 प्रतिशत जल गई है और उसकी हालत काफी गंभीर है।

आज थी केस की तारीख

जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले ही युवती के साथ रेप हुआ था। इस मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। आज युवती इसी मामले की पैरवी के लिए रायबरेली जा रही थी। सुबह चार बजे के करीब गांव के बाहर खेत में दोनों आरोपी और उसके तीन साथियों ने उसके ऊपर मिटटी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। इसकी सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पीड़िता को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।

तीन आरोपी गिरफ्तार

वहीं इस हैवानियत पर यूपी के डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि उन्नाव की घटना काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपी हरीशंकर त्रिवेदी, शुभम त्रिवेदी व अन्य दो को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी शिवम त्रिवेदी फरार है। पुलिस सभी की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है। एडीजी लखनऊ जोन को अस्पताल पहुंचने के निर्देश दिये गये हैं। साथ ही आईजी जोन और कमिश्नर मौके के लिये रवाना। उन्होंने कहा कि अब 1090 पर लड़कियां बेखौफ होकर घूम रही हैं। लेकिन इस तरह की दो-तीन घटनाएं बेहद निंदनीय हैं। डीजीपी ने कहा कि पीड़ित को बचाने के लिए हरसंभव कोशिश की जा रही है। उसे लखनऊ रेफर किया गया है। हमने पीड़िता का डाईंग स्टेटमेंट भी लिया है, जो केस में बहुत महत्वपूर्ण होगा। डीजीपी ने बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद रायबरेली में यह मुकदमा दर्ज हुआ था।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो