लखनऊ

मोदी सरकार में राजनाथ सिंह को मिली दूसरे नंबर की जिम्मेदारी

लोकसभा में भाजपा संसदीय कार्यकारी समिति का गठन भी हुआ

लखनऊJun 12, 2019 / 04:58 pm

आलोक पाण्डेय

मोदी सरकार में राजनाथ सिंह को मिली दूसरे नंबर की जिम्मेदारी

लखनऊ. अटल बिहारी बाजपेयी का सियासी उत्तराधिकार संभाल रहे लखनऊ के सांसद और देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को नरेंद्र मोदी सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। मोदी सरकार-पार्ट 2 में गृह मंत्रालय नहीं मिलने के बाद ऐसी चर्चा थी कि अब प्रधानमंत्री के बाद दूसरे नंबर के नेता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह होंगे। ताजा फैसले के अनुसार भारतीय जनता पार्टी संसदीय दल की कार्यकारी समिति का गठन हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी नेता रहेंगे, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को लोकसभा में उप नेता की जिम्मेदारी दी गई है। दूसरी ओर राज्यसभा में थावर चंद गहलोत को पार्टी का नेता और पीयूष गोयल को उप नेता नियुक्त किया गया है। इस व्यवस्था से यह स्पष्ट हो गया है कि मोदी सरकार में नंबर दो की हैसियत में राजनाथ सिंह ही होंगे।

अमित शाह का कद लोकसभा में राजनाथ से छोटा

भाजपा की सरकार दोबारा बनने के बाद पार्टी अध्यक्ष अमित शाह सरकार की मुख्य धारा में शामिल हुए। उन्हें गृह मंत्री का पद दिया गया। पिछली सरकार में गृह मंत्री रहे राजनाथ सिंह को पिछले बार के मुकाबले एक पायदान नीचे का मंत्रालय दिया गया। इसके बाद कैबिनेट की आठ महत्वपूर्ण समितियों में से केवल दो में उनको शामिल किया गया। यह खबर आग की रफ्तार से फैली। चारों ओर यह चर्चा होने लगी कि राजनाथ का कद कम किया गया है। इसके बाद उसी तारीख को देर शाम राजनाथ सिंह को अन्य समितियों में भी शामिल कर लिया गया था। कहते हैं कि पूर्व गृहमंत्री और वर्तमान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का साथ मिला और इसी के साथ कैबिनेट की समितियों में उनका रुतबा एक बार फिर कायम हो गया। केवल दो समितियों में शामिल किए गए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का नाम शाम होते-होते छह समितियों में जोड़ा जा चुका था। हालांकि, इस दबाव के बाद भी उन्हें सबसे महत्वपूर्ण समझी जाने वाली अपॉइंटमेंट्स कमेटी ऑफ द कैबिनेट में जगह नहीं मिली थी।

Home / Lucknow / मोदी सरकार में राजनाथ सिंह को मिली दूसरे नंबर की जिम्मेदारी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.