scriptक्या सिर्फ 6 सीटों से मान जाएंगे सपा-बसपा के सहयोगी दल? | samajwadi party bsp congress rld grand alliance in up latest update | Patrika News

क्या सिर्फ 6 सीटों से मान जाएंगे सपा-बसपा के सहयोगी दल?

locationलखनऊPublished: Jan 05, 2019 03:56:14 pm

Submitted by:

Hariom Dwivedi

गठबंधन में सपा-बसपा को 37-37 सीटें देने पर बनी सहमति, लेकिन सहयोगी दलों को सीटें नहीं देना चाहते अखिलेश-मायावती

grand alliance in up

क्या सिर्फ 6 सीटों से मान जाएंगे सपा-बसपा के सहयोगी दल?

लखनऊ. अखिलेश यादव और मायावती भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ महागठबंधन की बात तो कर रहे हैं, लेकिन सहयोगी दलों के लिए वह आधा दर्जन से अधिक सीटें छोड़ने को तैयार नहीं हैं। शुक्रवार को नई दिल्ली में बसपा सुप्रीमो मायावती और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मुलाकात हुई। सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश-मायावती के बीच 37-37 सीटों के बंटवारे पर सहमति बन गई है। गठबंधन में दो सीटें रालोद के लिए, दो सीटें कांग्रेस के लिए और दो सीटें भाजपा के संभावित बागियों के लिए छोड़ने की बात कही जा रही है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या कांग्रेस समेत अन्य सहयोगी दल 06 सीटों पर मान जाएंगे?
महागठबंधन में सपा-बसपा के अलावा जिन पार्टियों के शामिल होने के अटकलें चल रही हैं, उनमें कांग्रेस पार्टी के अलावा अजित सिंह की राष्ट्रीय लोकदल और अय्यूब खान की पीस पार्टी के अलावा अन्य छोटे दल भी शामिल हैं। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव भी महागठबंधन में शामिल होने की इच्छा जता चुके हैं। सुहेलदेव समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी बीजेपी के खिलाफ महागठबंधन में शामिल हो सकते हैं, ऐसी भी चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में इन सहयोगी दलों को छह सीटों के जरिये मनाना आसान नहीं होगा।
कांग्रेस को चाहिये कम से कम 20 सीटें
अखिलेश-मायावती गठबंधन में शामिल होने पर कांग्रेस को अमेठी और रायबरेली के अलावा कोई भी सीट देना नहीं चाहते, लेकिन कांग्रेस की डिमांड ज्यादा है। तीन राज्यों में जीत से उत्साहित कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में 20 से कम सीटों पर मानने को तैयार नहीं है। गौरतलब है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश में दो सीटें अमेठी (राहुल गांधी) और रायबरेली (सोनिया गांधी) जीती थीं, वहीं कांग्रेस के छह उम्मीदवार दूसरे नंबर पर रहे थे। इनमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर (गाजियाबाद), पार्टी प्रवक्ता पीएल पुनिया (बाराबंकी), पूर्व कांग्रेसी रीता बहुगुणा जोशी (लखनऊ), पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री प्रकाश जायसवाल (कानपुर), पूर्व केंद्रीय मंत्री कुंअर आरपीएन सिंह (कुशीनगर) और प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद (सहारनपुर) के नाम शामिल हैं। आम चुनाव में यूपी में कांग्रेस को मिला कुल मत प्रतिशत 7.5 फीसदी था।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो