script

सपा की सामाजिक न्याय यात्रा का समापन 23 को, अखिलेश भी रहेंगे मौजूद

locationलखनऊPublished: Sep 20, 2018 10:09:19 pm

Submitted by:

Ashish Gupta

राजेन्द्र चौधरी ने कहा- नौजवानों ने पार्टी की नीतियों और अखिलेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है।
 

akhilesh

सपा की सामाजिक न्याय यात्रा का समापन 23 को, अखिलेश भी रहेंगे मौजूद

लखनऊ. 2019 लोकसभा का चुनाव सपा और बसपा के लिए काफी महत्वपूर्ण है। २०१४ में जहां यूपी की ८० सीटों में से सपा को केवल पांच सीटें ही मिली थीं तो वहीं बसपा का खाता भी नहीं खुला था। समाजवादी पार्टी अपनी तैयारियों में जुटी है। पार्टी के कार्यकर्ता जनसंपर्क कर रहे हैं और सपा के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। सपा की यूपी के विभिन्न जिलों गाजीपुर, सहारनपुर, कानपुर, जौनपुर और मिर्जापुर से चली सामाजिक न्याय और प्रजातंत्र बचाओ एवं विकास के लिए साइकिल यात्राओं का समापन 23 सितम्बर को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर होगा। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद रहेंगे।
सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि इन साइकिल यात्राओं के माध्यम से व्यापक जनसम्पर्क कर समाजवादी नौजवानों ने पार्टी की नीतियों और अखिलेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है। भाजपा की नीतियों से जनता कितना परेशान है इसका एहसास इन यात्राओं से हुआ। साइकिल यात्री नौजवानों का मानना है कि प्रदेश की जनता अब भाजपा की कुनीतियों से त्रस्त है।
सघन एवं व्यापक जनसम्पर्क किया
इन साइकिल यात्राओं के माध्यम से नौजवानों ने प्रदेश के विभिन्न अंचलों में सघन एवं व्यापक जनसम्पर्क किया। 11 सितम्बर को वाराणसी से किशन दीक्षित के नेतृत्व में आए सैकड़ों साइकिल यात्रियों का पार्टी मुख्यालय लखनऊ में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्वागत करते हुए कहा था कि नौजवान प्रदेश में अपमानित हो रहे हैं, नौजवानों के लिए सम्मानजनक अवसर सपा में ही है। 14 सितम्बर को गाजीपुर से चली साइकिल यात्रा के सैफई पहुंंचने पर अखिलेश यादव एवं प्रो0 रामगोपाल यादव ने दिल्ली के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनावों से पहले दिल्ली में उत्तर प्रदेश की दस्तक दे दी है। साइकिल यात्री जिन-जिन गलियों और सड़कों से गुजरे वहां की सामाजिक-राजनीतिक स्थिति के ब्यौरे के साथ उन्होंने जनता के सुख-दु:ख का भी जायजा लिया। इस साइकिल यात्रा के द्वारा लोगों को भाजपा-आरएसएस के सामाजिक सद्भाव विरोधी चरित्र से भी अवगत कराया गया।
अगस्त क्रांति दिवस पर यात्रा निकली
जौनपुर के सभी विधानसभा क्षेत्रों में 07 सितम्बर से साइकिल यात्रा ‘प्रजातंत्र बचाओं-देश बचाओ चली जिसका समापन 15 सितम्बर को हुआ। इसका आयोजन आशीष यादव ने किया। 27 अगस्त से गाजीपुर से प्रारम्भ सामाजिक न्याय एवं प्रजातंत्र बचाओ देश बचाओ साइकिल यात्रा का समापन 23 सितम्बर को जंतर मंतर दिल्ली में हो रहा है। इस यात्रा के आयोजक रामवृ़क्ष सिंह एमएलसी, अभिषेक यादव, आदिल हमजा तथा चंद्रशेखर चौधरी हैं। सामाजिक न्याय और प्रजातंत्र बचाओं-विकास के लिए साइकिल यात्रा 13 सितम्बर से सहारनपुर से चली जो 23 सितम्बर को जंतर-मंतर दिल्ली में समाप्त होगी। इस यात्रा के आयोजक अतुल प्रधान हैं। इससे पूर्व समाजवादी युवा चेतना साइकिल यात्रा रोहित सिंह यादव, धनंजय सिंह सूर्या और आर. पासी के आयोजन में 05 जुलाई से 16 जुलाई तक इलाहाबाद से लखनऊ तक और 09 जुलाई से 16 जुलाई तक इलाहाबाद से लखनऊ समाजवादी दलित युवा चेतना साइकिल यात्रा रजनीशकांत पासी के नेतृत्व में चली। 26 जुलाई से 05 अगस्त तक बलिया से लखनऊ लोकतंत्र बचाओं समग्र क्रांति साइकिल यात्रा अरविन्द गिरि के नेतृत्व में निकली। अजय चौधरी के आयोजन में 08 अगस्त से 09 अगस्त तक प्रजातंत्र बचाओं-देश बचाओं साइकिल यात्रा सिद्धार्थनगर की शोहरतगढ़, इटावा, डुमरियागंज तथा बांसी विधान सभा क्षेत्र में चली। लखनऊ से सौरभ सिंह के आयोजन में 09 अगस्त, अगस्त क्रांति दिवस पर लोकतंत्र बचाओं-देश बचाओं साइकिल यात्रा निकली।

ट्रेंडिंग वीडियो