लोकतंत्र विरोधी शक्तियां संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को कुचलना चाहती हैं : अजय कुमार लल्लू
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि कांग्रेसजनों ने गाय माता को बचाने और किसानों को बचाने का संकल्प लिया है, हम डरेंगे नहीं, तानाशाही से लड़ेंगे, भाजपा की लेाकतंत्र विरोधी मानसिकता को जन-जन तक पहुंचाएंगे।

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि आज कुछ लोकतंत्र विरोधी शक्तियां संविधान, संवैधानिक संस्थाओं को कुचलना चाहती हैं। अपने अधिकारों के लिए जब कोई आवाज उठाता है तो उस पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाता है। देश का किसान आज दिल्ली के बार्डर पर अपने अधिकारों के लिए डटा है और जान दे रहा है। योगी जी गाय माता को गुड़, चना और रोटी खिलाकर फोटो खिंचाते हैं और वायरल करते हैं लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि प्रदेश की गौशालाओं में योगी सरकार की भ्रष्टाचारी नीति, उदासीनता और गाय माता के खाने-पीने और रखरखाव की उचित व्यवस्था न होने से भूख व ठंड से गाय माता मर रही हैं। कमोवेश पूरे प्रदेश में जितने भी गौशालाएं हैं सब भ्रष्टाचार की चपेट में हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमने जब गाय बचाओ-किसान बचाओ पदयात्रा निकाली तो योगी जी ने पुलिस द्वारा पदयात्रा रुकवाकर कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की। ललितपुर से पुलिस ने मुझे लखनऊ लाकर घर में कैद कर दिया और भारी पुलिस की नाकेबन्दी कर दी है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। संवैधानिक अधिकारों का हनन कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसजनों ने गाय माता को बचाने और किसानों को बचाने का संकल्प लिया है। हम डरेंगे नहीं, तानाशाही से लड़ेंगे। भाजपा की लेाकतंत्र विरोधी मानसिकता को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
अब पाइए अपने शहर ( Lucknow News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज