लखनऊ. कोरोना काल (Corona Virus) में चिकित्सकों, कार्मिकों, मेडिकल कर्मियों और नर्सिंग छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ाने के लिए योगी सरकार उन्हें प्रोत्साहन राशि व मानदेय देगी। योगी सरकार ने एमबीबीएस इंटर्न, एमएससी नर्सिंग, बीएससी नर्सिंग, एमबीबीएस अंतिम वर्ष और जीएनएम छात्र छात्राओं को मानदेय देने का फैसला किया है। एमबीबीएस इंटर्न छात्रों को 500 रुपये और नर्सिंग छात्र छात्राओं को 400 रुपये दिए जाएंगे। प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग आलोक कुमार ने इस आशय का शासनादेश जारी किया है। कोविड मरीजों के इलाज के लिए रिटायर चिकित्सक, नर्स, पैरा मेडिकल स्टाफ भी मानदेय पर रखे जाएंगे। इन्हें एनएचएम की स्वीकृत दर से 25 प्रतिशत अतिरिक्त धनराशि प्रोत्साहन के रूप में दी जाएगी।