UP Weather : पश्चिमी विक्षोभ के चलते आज शाम इन शहरों में बारिश अलर्ट, अगले सप्ताह कड़ाके की ठंड के लिए रहें तैयार
लखनऊPublished: Dec 05, 2021 03:54:43 pm
UP Weather News Updates : दिल्ली एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते आज एक बार फिर मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग के अनुसार, दिन भर बादल छाए रहेंगे तो शाम को झमाझम बारिश होगी। इससे अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत और मेरठ के अलावा आसपास के जिलों में बारिश होगी।


लखनऊ. दिल्ली एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते आज एक बार फिर मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग के अनुसार, दिन भर बादल छाए रहेंगे तो शाम को झमाझम बारिश होगी। इससे अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत और मेरठ के अलावा आसपास के जिलों में बारिश होगी। इस समय हवा की सेहत भी काफी खराब है। बारिश के बाद वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार आने का अनुमान है। विभाग ने सोमवार सुबह कोहरा पड़ने के भी आसार जताए हैं। फिलहाल नमी का स्तर 48 से 98 फीसदी बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले सप्ताह के मध्य कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना व्यक्त की है।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से रविवार शाम को वेस्ट यूपी के कुछ जिलों में बारिश का अंदेशा जताया गया है, जिसके चलते तापमान तेजी से गिरेगा। बता दें कि शनिवार को नोएडा का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। फिलहाल पारा सामान्य से तीन डिग्री अधिक चल रहा है, जिससे ठंड का असर कुछ कम नजर आ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों ने उम्मीद जताई है कि बारिश के बाद तापमान में परिवर्तन आएगा। एनसीआर अलग-अलग हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी के बाद तीन दिन तक अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।