scriptपांचवे चरण के चुनाव में ढाई करोड़ मतदाता करेंगे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला | uttar pradesh loksabha election phase 5 election | Patrika News

पांचवे चरण के चुनाव में ढाई करोड़ मतदाता करेंगे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला

locationलखनऊPublished: May 05, 2019 05:30:53 pm

Submitted by:

Karishma Lalwani

लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण के लिए उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर मतदान 6 मई को होगा

chunav

पांचवे चरण के चुनाव में ढाई करोड़ मतदाता करेंगे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला

लखनऊ. लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण के लिए उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर मतदान 6 मई को होगा। इन सीटों पर राजनाथ सिंह, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, स्मृति ईरानी जैसे कई दिग्गज प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला ढाई करोड़ मतदाता करेंगे। जिन 14 सीटों पर मतदान होने हैं उन्में सबसे ज्यादा उम्मीदवार अमेठी से हैं। इस सीट पर 27 उम्मीदवार हैं। वहीं सबसे कम उम्मीदवार धौरहरा और बांदा सीट पर हैं, जिनकी संख्या 8 है। इसके अलावा लखनऊ, रायबरेली, गोंडा में 15-15 प्रत्याशी, सीतापुर, मोहनलालगंज, कैसरगंज, कौशांबी में 12-12 प्रत्याशी, फैजाबाद, बाराबंकी में 13-13 प्रत्याशी और बहराइच और फतेहपुर में 10-10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
लखनऊ संसदीय सीट से गृहमंत्री राजनाथ सिंह को टक्कर देने के लिए गठबंधन उम्मीदवार पूनम सिन्हा और कांग्रेस के बहुचर्चित आचार्य प्रमोद कृष्णम मैदान में हैं। इस सीट पर कुल वोटर 19,58,847 हैं।

गांधी परिवार की परंपरागत सीट अमेठी में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी टक्कर देंगी। 2014 में राहुल ने स्मृति को करीब 1 लाख वोटों के अंतर से हराया था। इस बार फिर राहुल के खिलाफ बीजेपी ने स्मृति पर भरोसा जताया है। वहीं यह पहली बार है कि राहुल ने अमेठी के साथ क्सी दूसरी सीट वायनाड से भी चुनाव लड़ने का मन बनाया है। अमेठी सीट पर कुल वोटर संख्या 17,18,401 और कुल प्रत्याशी 27 हैं।
रायबरेली सीट पर यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी की राह रोकने के लिए भाजपा ने कांग्रेस के बागी एमएलसी दिनेश सिंह को टिकट दिया है। गठबंधन उम्मीदवार न होने से यहां भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। इस सीट पर कुल वोटर 16,50,806 और कुल प्रत्याशी 15 हैं।
धौरहरा से पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद कांग्रेस के टिकट पर हैं। इनकी राह रोकने के लिए भाजपा ने मौजूदा सांसद रेखा वर्मा और गठबंधन ने अरशद अहमद सिद्दीकी पर भरोसा जताया है। धौरहरा सीट पर कुल वोटर संख्या 16,34,417 और कुल प्रत्याशी 8 हैं।
सीतापुर लोकसभा सीट से गठबंधन के बसपा प्रत्याशी नकुल दुबे, भाजपा के मौजूदा सांसद राजेश वर्मा और कांग्रेस से केसरजहां मुकाबले में हैं। इन उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला इस सीट से 16,53,545 मतदाता करेंगे। सीतापुर सीट से कुल प्रत्याशी 12 हैं।
मोहनलालगंज से भाजपा के मौजूदा सांसद कौशल किशोर, गठबंधन उम्मीदवार सीएल वर्मा और सपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए आरके चौधरी मुकाबले में हैं। इस सुरक्षित सीट पर जातीय समीकरण से हार-जीत का फैसला होगा। मोहनलालगंज से कुल वोटर 19,56,358 और कुल प्रत्याशी 12 हैं।
फैजाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा के मौजूदा सांसद लल्लू सिंह दोबारा मैदान में हैं। उनका मुकाबला गठबंधन से सपा उम्मीदवार आनंद सेन यादव और कांग्रेस के पूर्व सांसद निर्मल खत्री से है। अयोध्या से जुड़ी यह सीट भाजपा के सांस्कृतिक व धार्मिक एजेंडे का मुख्य हिस्सा है। ऐसे में यहां भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर है। फैजबाद सीट पर कुल वोटर 18,04,729 और कुल प्रत्याशी 13 हैं।
बहराइच से भाजपा की बागी सावित्री बाई फूले कांग्रेस प्रत्याशी हैं। इनकी राह रोकने के लिए भाजपा ने अक्षयवर लाल गौड़ व गठबंधन ने सपा उम्मीदवार शब्बीर वाल्मिकी को उतारा है। इस सीट पर सभी दलों ने अपने प्रत्याशियों की जीत के लिए ताकत झोंक दी है। बहराइच सीट पर कुल वोटर 17,13,390 और कुल प्रत्याशी 10 हैं।
कैसरगंज में भाजपा सांसद बृजभषणशरण सिंह का सीधा मुकाबला गठबंधन से बसपा उम्मीदवार चंद्रदेव यादव और कांग्रेस के विनय कुमार पांडे से है। इस सीट पर 2009 से भाजपा का कब्जा रहा है। हालांकि, विनय पांडे पूर्व सांसद और चंद्रदेव राम यादव पूर्व विधायक रह चुके हैं। कैसरगंज सीट पर कुल वोटर संख्या 17,91, 950 और कुल प्रत्याशी 12 हैं।
फेतहपुर से केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को गठबंधन उम्मीदवार सुखदेव प्रसाद और कांग्रेस के राकेश सचान टक्कर देंगे। तीनों प्रत्याशी पिछड़े वर्ग से हैं। इस लिहाज से इस सीट पर पिछड़ों और अल्पसंख्यकों का वोटबैंक नतीजों को प्रभावित करेगा। यहां से कुल वोटर्स 18,20,435 और कुल प्रत्याशी 10 हैं।
कौशांबी से भाजपा के विनोद सोनकर, गठबंधन के इंद्रजीत सोनकर, कांग्रेस के गिरीश पासी व राजा भैया की जनसत्ता दल से शैलेंद्र कुमार पासी मैदान में हैं। यहां कुल वोटर 17,67,023 और कुल प्रत्याशी 12 हैं।
राजधानी लखनऊ से सटी बाराबंकी सीट से भाजपा विधायक उपेंद्र सिंह रावत का मुकाबला सपा के रामसागर रावत व कांग्रेस के युवा प्रत्याशी तनुज पुनिया से है। बाराबंकी सीट पर कुल वोटर 18,04,985 और कुल प्रत्याशी 13 हैं।
बांदा लोकसभा सीट पर भाजपा के आरके सिंह पटेल, गठबंधन से सपा उम्मीदवार श्यामचरण गिप्ता व कांग्रेस के बाल कुमार पटेल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। बांदा सीट पर ब्राह्मणों की संख्या ज्यादा है। इस सीट पर कुल वोटर संख्या 16,82,151 और कुल प्रत्याशी 8 हैं।
गोंडी संसदीय सीट पर भाजपा ने मौजूदा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह पर भरोसा जताया है। इनका सीधा मुकाबला गठबंधन से सपा प्रत्याशी विनोद कुमार और कांग्रेस की कृष्णा पटेल से है। कृष्णा दल अपना दल कृष्णा की अध्यक्ष हैं, जो कांग्रेस के सिम्बल पर इस सीट से चुनाव लड़ रही हैं। गोंडा से कुल वोटर 17,54,478 और कुल प्रत्याशी 15 हैं।
चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण में 14 सीटों के मतदान के साथ ही शाहजहांपुर के 8, हमारपुर और आगरा लोकसभा क्षत्रों के एक-एक मतदान स्थल पर दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया है।
कुल मतदान केंद्र– 16,126
पोलिंग बूथ– 28,072

कुल वोटर– 2.47 करोड़
पुरुष वोटर– 1.32 करोड़
महिला वोटर– 1.14 करोड़
तृतीया लिंग- 1321

ये भी पढ़ें: अमित शाह ने किया रोड शो तो प्रियंका ने नुक्कड़ सभा से राहुल के लिए मांगा वोट
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो