scriptविधानसभा चुनाव में साइडलाइन रहे वरुण गांधी निकाय चुनाव में निभाएंगे अहम रोल | varun gandhi important roll in up nikay municiapal chunav 2017 | Patrika News
सुल्तानपुर

विधानसभा चुनाव में साइडलाइन रहे वरुण गांधी निकाय चुनाव में निभाएंगे अहम रोल

सुलतानपुर में वरुण गांधी पार्टी का एक बड़ा नाम हैं, जनसभाओं में उन्हें देखने और सुनने के लिए भारी भीड़ इकट्ठा होती रही है

सुल्तानपुरOct 24, 2017 / 03:50 pm

Hariom Dwivedi

Varun Gandhi
सुलतानपुर. निकाय चुनाव 2017 का बिगुल बज चुका है। निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ दल जनता पार्टी के टिकट के लिए सबसे ज्यादा मारामारी मची है। हर कोई कमल निशान के तले चुनावी समर में उतरना चाहता है। सुल्तानपुर में भी जोड़-तोड़ की राजनीति शुरू हो गई है। दिवाली पर गरीबों को तोहफे देकर निकाय चुनाव से पहले वरुण गांधी जिले में अपनी सक्रियता पर मुहर लगा चुके हैं। इसके अलावा वह निकाय चुनाव में टिकट वितरण कमेटी सदस्य भी हैं। ऐसे में निकाय चुनाव में वरुण गांधी की भूमिका अहम है, भले ही 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी हाईकमान ने उन्हें खासी तवज्जो न दी हो।
हर बार वरुण गांधी का दौरा भाजपा के स्थानीय चुनिंदा चेहरों के साथ ही रहता रहा है। वरुण ने अपने संसदीय क्षेत्र में विधानसभा प्रभारियों को नियुक्त कर रखा है और इन्हीं प्रभारियों के लिए वरुण विधानसभा के चुनाव में अपनी भूमिका चाहते थे। निकाय चुनाव में वरुण गांधी की भूमिका के संबंध में वरुण के निजी सचिव नसीब सिंह संधू ने बताया को पार्टी की गाइड लाइन पर काम होगा, जो भी भूमिका पार्टी देगी, उसका निर्वहन किया जाएगा।
वरुण के साथ मंच पर दिखे थे स्थानीय भाजपाई
जिले की राजनीति में भाजपा सांसद वरुण गांधी के आसपास घूमती नजर आ रही है। निकाय चुनाव से पहले वरुण गांधी कई कार्यक्रमों को आयोजित कर चर्चा में ज़रूर बने हुए हैं। अभी दीपावली के अवसर पर गरीब और निम्न वर्ग के लोगों को तोहफे देकर उनकी खुशियां दोगुनी कर दी थी। इस बार मंच पर उनके साथ स्थानीय नेताओं की भी टीम दिखाई दी थी। खास बात तो ये कि निवर्तमान अध्यक्ष प्रवीण और टिकट के प्रबल दावेदार प्रवीण अग्रवाल काफी सक्रिय दिखाई दिए। साथ ही भाजपा की एक और नेत्री जो कि अध्यक्षी के टिकट की भी दावेदार हैं मंच पर सक्रिय नज़र आ रही थीं।
संसदीय क्षेत्र में वरुण को सुनने उमड़ते हैं लोग
वरुण गांधी पार्टी का एक बड़ा नाम हैं। जनसभाओं के अलावा छोटी-छोटी नुक्कड़ सभाओं में भी वरुण गांधी को सुनने और देखने के लिए भारी भीड़ इकट्ठा होती रही है। 2014 के लोकसभा चुनाव में यही भीड़ वोट में तब्दील होकर वरुण गांधी को बड़ी जीत का तोहफा दे चुकी है। भाजपा कार्यकर्ताओं का मानना है कि निकाय चुनाव पार्टी को वरुण के चेहरे का फायदा मिलेगा। हालांकि, 2017 के विधानसभा चुनाव में वरुण गांधी के बिना समर्थन के भाजपा ने सुलतानपुर जिले की 5 में से 4 सीटों पर जीत का परचम लहराया था।
निकाय चुनाव में वरुण के चेहरे का मिलेगा फायदा : भाजपा कार्यकर्ता
भाजपा कार्यकर्ता दीपक जायसवाल का मानना है कि निकाय चुनाव में वरुण गांधी का चेहरा काम आएगा। भाजपा सभी सीटों पर निकाय चुनाव जीतेगी।वहीं, डिहवा वार्ड के स्थानीय मतदाता हुसैन अहमद का कहना है कि वरुण गांधी अपने क्षेत्र में ही कम नज़र आये हैं। ऐसे में वो जीत तो क्या किसी सीट पर कोई असर नहीं डाल पाएंगे।
इन दिनों डेंगू की चपेट में हैं वरुण गांधी
भाजपा नेता वरुण गांधी इन दिनों बीमार हैं। उनके निजी सचिव नसीब सिंह संधु ने बताया कि दिल्ली एम्स में जांच के बाद डाक्टर्स ने डेंगू बताया है। रविवार को वह राजस्थान के बीकानेर एक कार्यक्रम में शिरकत करने जा रहे थे। अचानक तबियत ज्यादा खराब होने के चलते वह रास्ते से ही दिल्ली लौट आए थे।
देखें वीडियो-

Home / Sultanpur / विधानसभा चुनाव में साइडलाइन रहे वरुण गांधी निकाय चुनाव में निभाएंगे अहम रोल

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो