script

यूपी की राजनीति में धमाल मचाएंगी जयाप्रदा और सपना?

locationलखनऊPublished: Mar 25, 2019 04:40:47 pm

Submitted by:

Hariom Dwivedi

उत्तर प्रदेश की राजनीति में पिछले 24 घंटे में दो हस्तियों ने खूब सुर्खियां बटोरीं। पहले हरियाणवी लोकगीतों पर डांस करने वाली सपना चौधरी के कांग्रेस में शामिल होने और मथुरा से फिल्म अभिनेत्री और भाजपा सांसद हेमामालिनी के खिलाफ चुनाव लड़ने की खबरें आयीं…

Jaya Prada and sapna chaudhary

यूपी की राजनीति में धमाल मचाएंगी जयाप्रदा और सपना?

लखनऊ. उप्र की राजनीति में पिछले 24 घंटे में दो हस्तियों ने खूब सुर्खियां बटोरीं। पहले हरियाणवी लोकगीतों पर डांस करने वाली सपना चौधरी के कांग्रेस में शामिल होने और मथुरा से फिल्म अभिनेत्री और भाजपा सांसद हेमामालिनी के खिलाफ चुनाव लड़ने की खबरें आयीं। बाद में सपना में इन खबरों का खंडन कर दिया। उन्होंने तो कांग्रेस में शामिल होने की खबर को झूठ बताया। इसके बाद उनकी दिल्ली से भाजपा सांसद मनोज तिवारी के साथ फोटो वायरल हुई। खबर उड़ी कि वे भाजपा में शामिल होंगी और पार्टी के लिए प्रचार करेंगी। इस बीच एक फिल्मी हस्ती को लेकर खबरें वायरल हुईं। वह हैं सिने तारिका जया प्रदा की। वे भाजपा में शामिल हो गयी हैं। माना जा रहा है कि रामपुर में सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी आजम खां के खिलाफ वह भाजपा उम्मीदवार होंगी। यदि भाजपा जयाप्रदा को अपना प्रत्याशी बनाती है तो निश्चित रूप से मुकाबला रोचक होगा।
आजम से अदावत पुरानी
जयाप्रदा और सपा नेता आजमखान की अदावत बहुत पुरानी है। जब जयाप्रदा सपा में हुआ करती थीं तब भी उनमें और आजम में 36 का आंकड़ा था। वजह एक थी, जयाप्रदा की अमरसिंह से घनिष्ठता। अमर सिंह और आजम खां में कभी पटरी नहीं खायी थी यह बात जगजाहिर है। आजमखान से इस हद तक जयाप्रदा की अनबन थी कि एक बार जयाप्रदा ने समाजवादी पार्टी नेता और रामपुर विधायक आजम खान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्होंने उन पर तेजाब हमला कराने की कोशिश की थी।
Jaya Prada
सपा से दो बार रह चुकी हैं सांसद
बहरहाल, जया अब रामपुर से भाजपा की उम्मीदवार होंगी और गठबंधन के प्रत्याशी आजम खां को चुनौती देंगी। अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्री जयाप्रदा का असली नाम ललिता रानी है। फिल्मों में आने के बाद वह ललिता रानी से जया प्रदा हो गईं। 3 अप्रैल 1962 में आंध्र प्रदेश के राजाहमुंडरी जिले में जन्मीं जयाप्रदा लंबे समय से राजनीति में हैं। 1994 में उन्होंने सबसे पहले तेलगूदेशम पार्टी ज्वाइन की थी। इसके बाद वह अमर सिंह के जरिए मुलायम सिंह यादव के संपर्क में आयीं और समाजवादी में शामिल हो गयीं। 2004 के लोकसभा चुनाव में जयाप्रदा रामपुर से समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ा और आजम के न चाहते हुए भी यह चुनाव जीतीं और सांसद बनीं। 2009 के लोकसभा चुनाव में भी यह यही से सपा के टिकट पर सांसद बनीं। बाद में जब अमर सिंह से अखिलेश का मनमुटाव हुआ तो सपा से इन्हें निष्काषित कर दिया गया। इसके बाद जयाप्रदा ने राष्ट्रीय लोकदल को ज्वाइन कर लिया था। 2014 का चुनाव जयाप्रदा में रालोद के टिकट पर बिजनौर से लड़ा था लेकिन चुनाव हार गयी थीं। बहरहाल, एक बार फिर जयाप्रदा अमरसिंह की वजह से भाजपा ज्वाइन करने के बाद रामपुर से उम्मीदवार होंगी।
sapna chaudhary
सिने स्टार्स का राजनीति से रहा है पुराना नाता
फिल्म अभिनेताओं और अभिनेत्रियों का राजनीति से पुराना नाता रहा है। माना जाता है कि 1967 में तेलगू अभिनेता कांगरा जग्गीहा ने पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा था और सांसद बने थे। इसके बाद तो एमजी रामचंद्रन,जयललिता,एनटीरामाराव से लेकर सुनील दत्त आदि अभिनेताओं के राजनीति में आने की लंबी श्रृंखला रही है। बात उप्र की करें तो 1984 में अमिताभ बच्चन इलाहाबाद में लोकदल के हेमवती नंदन बहुगुणा को हराकर सांसद बने थे। इसके बाद 2004 और 2009 में जयाप्रदा रामपुर से सपा सांसद बनीं। हेमामालिनी मथुरा से भाजपा सांसद हैं। इस बार वह फिर यहीं से उम्मीदवार हैं। फिल्म अभिनेता राजबब्बर 1999 में आगरा से सपा से जीते थे। इसके बाद 2004 में फिरोजाबाद से कांग्रेस से सांसद बने। 2009 और 2014 का चुनाव वह हार गए। इस बार फिर कांग्रेस के टिकट पर फतेहपुर सीकरी से कांग्रेस उम्मीदवार हैं।
30 मार्च को सपना भी भाजपा ज्वाइन करेगीं?
डांसर सपना चौधरी कांग्रेस से ब्रेकअप के बाद अब भाजपा में शामिल होने जा रही हैं। रविवार को उन्होंने दिल्ली में यहां के सांसद और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी से उनके आवास पर मुलाकात की। इसके बाद दोनों की तस्वीरें वायरल हुईं। मनोज तिवारी ने संकेत दिया है कि 30 मार्च तक सपना भाजपा ज्वाइन कर सकती हैं। हालांकि कांग्रेस में शामिल होने की अफवाह के बाद सपना ने प्रेस कांन्फ्रेस करके कहा था कि मैं कलाकार हूं और चुनाव लडऩे और राजनीति में जाने की इच्छुक नहीं हूं।

ट्रेंडिंग वीडियो