scriptयूपी में सुरक्षित नहीं है आधी आबादी, हर रोज आठ महिलाओं से हो रहा रेप | Women Crime in Uttar Pradesh | Patrika News

यूपी में सुरक्षित नहीं है आधी आबादी, हर रोज आठ महिलाओं से हो रहा रेप

locationलखनऊPublished: Sep 11, 2019 07:10:19 pm

Submitted by:

Hariom Dwivedi

– उत्तर प्रदेश में हर दिन महिला अपराधों से जुड़ी 100 से ज्यादा FIR होती हैं दर्ज- सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद यूपी में नहीं थम रहे महिला अपराध

Women Crime in UP

प्रतीकात्मक तस्वीर

लखनऊ. बेहतर कानून-व्यवस्था का दावा कर सत्ता में आई योगी आदित्यनाथ सरकार महिला अपराधों पर पूरी तरह से अंकुश लगाने में नाकाम रही है। सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद उत्तर प्रदेश में हर रोज आधा दर्जन से ज्यादा बलात्कार की घटनाएं होती हैं। राज्य में हर दिन करीब 30 से ज्यादा महिलाओं का अपहरण कर लिया जाता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का वादा करने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में हर रोज महिलाओं के खिलाफ अपराध को लेकर 100 से ज्यादा एफआइआर दर्ज की जाती हैं। कई मामले तो पुलिस में भी दर्ज नहीं हो पाते।
सत्ता में आने के बाद से बीजेपी सरकार ने महिला अपराधों को रोकने की हरसंभव कोशिश की है। आधी आबादी को छेड़खानी की घटना से बचाने के लिए योगी सरकार ने एंटी-रोमियो स्क्वॉड बनाई। महिला हेल्पलाइन सेवा को चुस्त-दुरुस्त किया। पुलिस टीम ने स्कूल-कॉलेजों में जाकर छात्राओं को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग दी। कैंपस के बाहर मजनुओं पर धरपकड़ अभियान चलाया, बावजूद उत्तर प्रदेश में हर दिन महिलाओं से बलात्कार और छेड़छाड़ जैसी घटनाएं सामने आती रहती हैं।
गैंगरेप की वारदातों से सहमी आधी आबादी
सीतापुर की लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में महिला ने चार लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, विवाहिता दो छोटे-छोटे बच्चों के साथ घर में सो रही थी। घर के लोग किसी कार्यक्रम में गये थे। 8 जुलाई की रात तकरीबन 12 बजे चार लोग घर में घुसे और उसे बंधक बनाकर सामूहिक बलात्कार किया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की पड़ताल की जा रही है। शनिवार रात अमरोहा के बछरायूं क्षेत्र की महिला दवाई लेकर पति के साथ ई-रिक्शा से जा रही थी। रास्ते में दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उनको रोक लिया और पति के सामने ही खेत में महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। पति ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी। एक के बाद एक सामने आये ऐसे कई मामले, यूपी में बेहतर कानून-व्यवस्था के दावों को ठेंगा दिखाते हैं।
यह भी पढ़ें

किशोरी से घर में घुसकर बलात्कार, ग्रामीणों ने घेरी कोतवाली तब पुलिस ने दर्ज किया केस



शोहदे के डर से छात्रा ने छोड़ा स्कूल
सीतापुर के महोली थाना क्षेत्र में शोहदों के डर से बीए की एक छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया। छात्रा का आरोप है कि स्कूल जाते वक्त रास्ते में इलाके के ही तीन शोहदे उससे छेड़छाड़ करते हैं और गलत तरीके से छूने का प्रयास करते हैं। पुलिस और कॉलेज प्रशासन से शिकायत की तो शोहदों ने घर में घुसकर उसे धमकाया। शिकायत के बाद शोहदों की हरकतें और बढ़ गईं। इसके बाद उसने पढ़ाई छोड़ने का निर्णय लिया। मामले में पुलिस का कहना है कि अभियुक्तों की तलाश की जा रही है। स्कूल जाने के लिए छात्रा को सुरक्षा व्यवस्था दी जाएगी और अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
देखें वीडियो…

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो