scriptयूपी में बर्ड फ्लू के फैलने का बढ़ा खतरा, योगी सरकार ने जारी किया हाई अलर्ट, पक्षियों को मारने के हुए आदेश | Yogi Adityanath government alert for Bird Flu in UP Zoo | Patrika News

यूपी में बर्ड फ्लू के फैलने का बढ़ा खतरा, योगी सरकार ने जारी किया हाई अलर्ट, पक्षियों को मारने के हुए आदेश

locationलखनऊPublished: Jan 10, 2021 02:47:58 pm

– (UP Bird Flu) बर्ड फ्लू को लेकर प्रदेशभर में अलर्ट
– कानपुर जूलॉजिकल पार्क को किया गया सील
– 10 किमी के दायरे में मांस बिक्री पर रोक
– लखनऊ जू में बिना हाथ पैर धोए एंट्री नहीं

यूपी में बर्ड फ्लू की दस्तक, सभी चिड़ियाघर अलर्ट मोड पर, पक्षियों को मारने के हुए आदेश

यूपी में बर्ड फ्लू की दस्तक, सभी चिड़ियाघर अलर्ट मोड पर, पक्षियों को मारने के हुए आदेश

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

लखनऊ. कोरोना से जूझते उत्तर प्रदेश में अब (UP Bird Flu) बर्ड फ्लू बढ़ने का खतरा मंडरा रहा है। बर्ड फ्लू की दस्तक के बीच योगी आदित्यनाथ सरकार ने हाई अलर्ट जारी किया है। कानपुर जूलॉजिकल पार्क को सील कर दिया गया है और बाड़े के सभी पक्षियों को मारने का आदेश प्रशासन ने दिया है। यहां पक्षियों की मौत के बाद उनमें बर्ड फ्लू के वायरस मिले थे। साथ ही कानपुर कमिश्नर राजशेखर के आदेश पर चिड़ियाघर के आसपास के लगभग एक किलोमीटर के इलाके को रेडजोन घोषित किया गया है। इतना ही नहीं 10 किमी के दायरे में मांस की बिक्री पर प्रतिबंध भी लगा दिया गया है। यहां पर प्रशासन और निवासी सभी अलर्ट हो गए हैं। वहीं लखनऊ चिड़ियाघर के पक्षियों में बर्ड फ्लू के वायरस मिलने के बाद यहां भी चिड़ियाघर का बर्ड सेक्शन बंद कर दिया गया है। बर्ड हाउस में लोगों के जाने पर रोक लगा दी गई है। लखनऊ चिड़ियाघर में अब प्रवेश करने वालों को हर गेट पर फुटवॉश से गुजरना होगा। इसके साथ ही जू आने वालों को हैंड सेनीटाइज करना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा सोनभद्र, बाराबंकी, अयोध्या और झांसी में कौवे मृत पाए गए थे। इनका सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजा गया है. इसकी रिपोर्ट आने में एक-दो दिन का समय लग सकता है। इसी को देखते हुए प्रदेश के बाकी चिड़ियाघरों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
दरअसल कानपुर चिड़ियाघर में दो दिनों में दस पक्षियों की मौत हुई थी। जिनमें चार की जांच के सैंपल भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान भेजे गए थे। जहां से रिपोर्ट में चारों में बर्ड फ्लू के लक्षण पाए गए हैं। इसे देखते हुए कानपुर चिड़ियाघर को 15 दिनों के लिए बंद करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। पशुपालन विभाग के रोग नियंत्रण निदेशक डॉ. रामपाल सिंह ने बताया कि भोपाल से रिपोर्ट मिलने के साथ ही इस पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। चिड़ियाघर के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जिस पिंजड़े में पल रही मुर्गियों की बर्ड फ्लू से मौत हुई है, उसके 1 किलोमीटर के दायरे में आने वाली सभी पक्षियों को जल्द से जल्द बर्ड फ्लू प्रोटोकॉल के हिसाब से दफना दिया जाए।
सरकार ने दिशा-निर्देश किये जारी

वहीं स्थिति को देखते हुए यूपी सरकार ने बर्ड फ्लू से बचाव के दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। चिड़ियाघरों में मांसाहारी जानवरों के खाने के लिए लाई जाने वाली मुर्गियों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। साथ ही अलग-अलग जगहों से चिड़ियों की बीट और उनके रिहायश की मिट्टी को जांच के लिए भेजा जा रहा है। हालांकि यूपी में पोल्ट्री फार्म की मुर्गियों में बर्ड फ्लू के फैलने की अभी कोई खबर सामने नहीं आई है।
लखनऊ जू में भी अलर्ट

कानपुर चिड़ियाघर में बर्ड प्लू की पुष्टि होने के बाद लखनऊ चिडियाघर में भी प्रशासन अलर्ट हो गया है। लखनऊ चिड़ियाघर के बर्ड सेक्शन को बंद कर दिया गया है। इस सेक्शन में लोगों की एंट्री बंद कर दी गई है। लखनऊ चिड़ियाघर में अब प्रवेश करने वालों को हर गेट पर फुटवॉश से गुजरना होगा। इसके साथ ही जू आने वालों को हैंड सेनीटाइज करना अनिवार्य कर दिया गया है। चिड़ियाघर प्रशासन ने अब भोजन के रूप में जानवरों को चिकेन देना बंद कर दिया है। यहां जानवरों को अंडा दिया जा रहा है। वह भी 20 मिनट तक उबालने के बाद। बर्ड फ्लू से बचाव के लिए पक्षियों को दवाइयां भी दी जा रही हैं।
दुघवा नेशनल पार्क में भी अलर्ट

लखीमपुर खीरी के दुधवा नेशनल पार्क क्षेत्र में बड़ी संख्या में आने वाले प्रवासी पक्षियों की निगरानी में टीमों को लगाया गया है। यहां पर सभी को किसी भी पक्षी का शव मिलने की सूचना देने के निर्देश हैं। दुधवा में फिलहाल 450 से अधिक पक्षियों की प्रजाति है।
16 जनवरी से यूपी में कोविड वैक्सीनेशन

कोविड वैक्सीनेशन कैंपेन की शुरूआत आगामी 16 जनवरी से शुरू किये जाने की घोषणा होते ही उत्तर प्रदेश में इसको लेकर तैयारियां और तेज हो गईं हैं। वैसे तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की निगरानी में इस टीकाकरण अभियान की तैयारियां काफी पहले से ही शुरू हो चुकी थीं। वहीं केन्द्र से आए निर्देश के बाद प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के साथ ही गृह विभाग को भी अलर्ट कर दिया गया। सभी जिलाधिकारियों, सभी सीएमओ को खासतौर पर निर्देश जारी किये गये हैं। हले चरण प्रदेश में निजी व सरकारी अस्पतालों में कुल 9 लाख स्वास्थ्य कर्मियों को 16 जनवरी से हर सोमवार व शुक्रवार को कोविड का टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य कर्मियों का यह टीकाकरण कुल चार चरणों में सम्पन्न होगा। स्वास्थ्य कर्मियों के बाद कोविड संक्रमण नियंत्रण में सक्रिय भूमिका निभा रहे अन्य फ्रंट लाइन वर्कर पुलिस, होमगार्ड, निकाय कर्मचारी आदि को टीके लगाए जाएंगे। इनकी तादाद लगभग चार करोड़ आंकी गयी है। इन स्वास्थ्यकर्मियों की जिलेवार सूची पहले ही बनायी जा चुकी है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो