scriptयोगी ने बताई उपलब्धि, छह माह में नहीं हुआ एक भी दंगा | Yogi claims no riot in his government | Patrika News

योगी ने बताई उपलब्धि, छह माह में नहीं हुआ एक भी दंगा

locationलखनऊPublished: Sep 19, 2017 07:45:46 pm

Submitted by:

Anil Ankur

 अखिलेश को दी किसानों की हंसी न उड़ाने की सलाह 

yogi adityanath

yogi adityanath

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में बड़े अरमानों के साथ बनी भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने छह माह पूरे कर लिये हैं। मंगलवार को यहां अपनी सरकार की उपलब्धियों के साथ पत्रकारों के बीच आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि बीते छह माह में उत्तर प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ है। साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को नसीहत भी दी कि वे किसानों की हंसी न उड़ाएं, वरना किसान उनकी खिल्ली उड़ाना शुरू कर देंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को छह माह की सरकार का श्वेतपत्र जारी कर पिछली सरकारों के नाकारेपन पर निशाना साधा था। मंगलवार को लोक भवन में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में कानून का राज कायम हो रहा है। पहले हर हफ्ते दो-दो दंगे होते थे, अब छह माह बीत गए हैं और एक भी दंगा नहीं हुआ। अब जनता में विश्वास कायम हुआ है कि वे उत्तर प्रदेश में सुरक्षित हैं। किसानों की कर्ज माफी पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की टिप्पणी पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अखिलेश किसानों की हंसी उड़ाना बंद कर दें अन्यथा किसान उनकी खिल्ली उड़ाना शुरू कर देंगे। उनकी सरकार में किसानों के लिए कुछ नहीं हुआ और हमारी सरकार ने छह महीने में किसानों के लिए जो किया है वह इतिहास है।
कायम हुआ कानून का राज

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में कानून का राज कायम हुआ है। गुंडों और माफियाओं पर शिकंजा कसने लगा है। अपराधी या तो मुठभेड़ में मारे जा रहे हैं या फिर यूपी छोड़कर भाग रहे हैं। पहले अधिकारी अपराधियों पर शिकंजा कसने से इसलिए डरते थे कि कहीं उन पर उल्टी कार्रवाई न हो जाए। अपराधियों को राजनीतिक सत्ता का सरंक्षण प्राप्त था। अब ऐसा नहीं होने वाला है। छह महीने के भीतर माहौल बदल गया है। 19 मार्च के बाद से अब तक यूपी में अपराधियों के साथ 431 मुठभेड़ें हुईं। 17 अपराधी ढेर हुए। यूपी के 1100 से अधिक अपराधी पकड़े गए। इनमें 668 ऐसे अपराधी थे जिन पर ईनाम था। इन कार्रवाइयों में हमारी पुलिस के 88 जवान घायल हुए और एक सब इंसपेक्टर शहीद भी हुआ। गैंगस्टर के तहत 169 अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उनसे 35 करोड़ रुपए की सम्पत्ति जब्त की गई।
खुलेगा नौकरियों का पिटारा

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेेश में नौकरियों का पिटारा खुलेगा। सिर्फ पुलिस में ही डेढ़ लाख भर्तियां होंगी। इनमें 42 हजार सिपाहियों व पांच हजार सब इंस्पेक्टरों की भर्तियां तो जल्द ही होंगी। कौशल विकास के जरिए 10 लाख लोगों को रोजगार से जोड़ा जाएगा। दावा किया कि उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास एवं निवेश का माहौल बनना शुय हो गया है। 19 मार्च 2017 के पहले यूपी की खराब कानून व्यवस्था के कारण यहां लोगों ने आना बंद कर दिया था। पर्यटकों से लेकर निवेशक यूपी आने से कतराने लगे थे। अब स्थितियां बदली हैं। अब जातिवाद और परिवारवाद के विपरीत काम हो रहा है। किसान और मजदूरों की सुनी जा रही है। यूपी में 86 लाख किसानों का कर्ज माफ किया गया। किसानों को लाभ दिलाने के लिए यूपी में यूपी में 5000 गेहूं क्रय केन्द्र खोले गए।
कानपुर-आगरा में मेट्रो जल्द

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक करोड़ लोग बिना कनेक्शन बिजली का उपभोग कर रहे थे। हमने 16 लाख को नए कनेक्शन दिये, बाकी को भी मिलेंगे। दावा किया यूपी की सड़कों को उन्होंने गड्ढा मुक्त कर दिया है। जल्द ही अब इन सड़कों के नवीनीकरण और चैड़ीकरण की नई योजना को लागू कराया जाएगा। कानपुर और आगरा में मेट्रो सेवा जल्द शुरू करने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। इसके बाद वाराणसी, झांसी, इलाहाबाद मेरठ और गोरखपुर में काम होगा। उन्होंने बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे बनाने का एलान भी किया। बताया कि आगरा से झांसी होते हुए चित्रकूट और वहां से इलाहाबाद तक एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे में अयोध्या और वाराणसी जोड़ दिया गया है। इस परियोजना की 70 प्रतिशत जमीन खरीद ली गई है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो