पुलिस के मुताबिक ग्राम खम्हारीडीह रजपालपुर के लक्ष्मी प्रसाद कोंद पिता ईश्वर प्रसाद कोंद गांव में बैगा-गुनिया का काम करता था। वह शराब के नशे में गांव के लोगों के साथ अक्सर गाली-गलौज करता था। इससे गांव के लोग त्रस्त थे। बैगा-गुनिया का काम करते हुए वह लोगों को डराने-धमकाने का भी काम करता था। उसके गाली-गलौज से तंग आकर १६ जनवरी को गांव के ही जनक राम गौड़ पिता सगनु गोंड़ (57) एवं उसके पुत्र नीलसागर गोंड़ (20) ने मिलकर रस्सी से गला दबाकर लक्ष्मी प्रसाद की हत्या कर फरार हो गए।
घटना के दिन मृतक पत्नी काम करने के लिए बाहर गई थी। जब वह शाम को घर लौटी, तो देखा कि उसके पति की मौत हो गई है। घटना की जानकारी दूसरे दिन भंवरपुर पुलिस चौकी में दी गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मामले की छानबीन में जुट गई। इस मामले में गांव के कई लोगों से पूछताछ की गई। तब हत्या का खुलासा हुआ। दोनों आरोपी ने पुलिस के सामने हत्या करना स्वीकार किया। भंवरपुर पुलिस ने धारा 302, 34 के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।