script

मामूली विवाद पर दबंगों ने दलितों पर बोला हमला, की फायरिंग

locationमहोबाPublished: Nov 09, 2018 07:51:52 pm

Submitted by:

Ashish Pandey

छह लोग हुए घायल, जिला अस्पताल में भर्ती।
 

mahoba

मामूली विवाद पर दबंगों ने दलितों पर बोला हमला, की फायरिंग

महोबा. जिले में एक बार फिर दलितों पर दबंगों का कहर टूटा है। आधा दर्जन दबंगों ने मामूली विवाद पर लाठी डंडों से पड़ोस में रहने वाले दलितों पर हमला बोल दिया और अवैध असलहे से कई राऊंड फायरिंग की। अवैध असलहे से हुई फायरिंग से एक युवती के पैर में गोली लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। दलित परिवार ने रात में ही घटना की सूचना डायल 100 को दी थी। सूचना पर जिले की पुलिस ने तत्परता दिखाई और तीन थानों की पुलिस ने मौके पर पहुँच गई। वहीं घटना को अंजाम देने वाले दबंग मौके से फरार हो गए थे जिनकी तलाश जारी है, तो वही इस हमले में पड़ोस में रहने वाले दो अन्य व्यक्ति भी घायल हो गए हैं। पूरी घटना में कुल 6 लोग घायल हुए हैं। सभी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महोबा में दबंगों को पुलिस का कोई खौफ नहीं है। दबंग खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे है। घटना महोबा जिले के महुआबाँध गाँव की है, जहाँ आग में हाथ सेक रहे दलित कुइंयाँ, धरम सहित उनके परिवार पर गाँव में ही रहने वाले दबंग ब्रजेन्द्र राजपूत और निर्भय ने अपने साथियो के साथ मिलकर हमला बोल दिया। घायल दलित परिवार का आरोप है कि पिछले दीपावली पर्व में भी ब्रजेंद्र ने आग तापने के दौरान ढेर सारे पठाखे डालकर विवाद किया था। इस वर्ष भी ब्रजेन्द्र और निर्भय आ गए और पूर्व की तरह ही विवाद करने लगे। जिसका विरोध करने पर दोनों चले गए और बीती रात अचानक बजेन्द्र और निर्भय आधा दर्जन लोगों के साथ आ धमके। पीडि़त परिवार बताता है कि दबंगों ने घर में घुसकर जमकर मारपीट की। यहीं नहीं दबंगों ने खौफ फ़ैलाने के लिए अवैध असलहे से कई राउंड फायरिंग भी की। गोली राजकुमारी के पैर में लगी जिससे वह घायल हो गई। दबंगों ने असलहे की बट से मारकर 70 वर्षीय कुईया, भूपेंद्र,भूरा को भी घायल कर दिया। दबंग सभी को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
पीडि़तों द्वारा डायल 100 को घटना की सुचना दी गई। वहीं दलित परिवार पर हुए जानलेवा हमले की सूचना पर तीन थानों की पुलिस भी मौके पर पहुँच गई। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थय केंद्र में भर्ती कराया गया। गंभीर घायल महिला की हालत नाजुक देख उसे महोबा जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया गया। पीडि़त दलित बताते हैं कि दबगों का खेत उनके पड़ोस में ही है। अक्सर कुएं से सिंचाई के लिए जबरन पानी भी मांगते हैं न देने पर दुश्मनी मान बैठे हैं और आये दिन मौका पाकर प्रताडि़त करते हैं। इस पूरे मामले को लेकर एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि ये बीती रात की घटना है। घायलों का मेडिकल कराया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मौके पर एएसपी सहित पुलिस बल तैनात हैं। आरोपियों की गिरफ़्तारी के लिए टीम रवाना की गई है।

ट्रेंडिंग वीडियो