मैनपुरी

विवेक तिवारी मर्डर केस: यूपी पुलिस एसोसिएशन का अध्यक्ष सुबोध यादव गिरफ्तार

विवेक तिवारी हत्याकांड के आरोपी सिपाहियों पर हुई कार्रवाई के विरोध में सुबोध यादव सोशल मीडिया के जरिए पुलिसकर्मियों को भड़काने का काम कर रहा था।

मैनपुरीOct 24, 2018 / 10:22 am

suchita mishra

subodh yadav

मैनपुरी। पुलिस सेवा में रहकर उत्तर प्रदेश पुलिस एसोसिएशन का अध्यक्ष व बर्खास्त सिपाही सुबोध यादव को मैनपुरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि एप्पल कंपनी के इंजीनियर विवेक तिवारी हत्याकांड के आरोपी सिपाहियों पर हुई कार्रवाई के विरोध में सुबोध यादव सोशल मीडिया के जरिए पुलिसकर्मियों को भड़काने का काम कर रहा था। वो अपनी फेसबुक वॉल पर लगातार भड़काऊ पोस्ट डाल रहा था। विवेक तिवारी हत्याकांड के बाद उसने अपना एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया था जिसके बाद पुलिसकर्मियों को भड़काने के आरोप में उसके खिलाफ मैनपुरी कोतवाली में पुलिस विद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया था।
दरअसल विवेक तिवारी की हत्या के आरोपी सिपाही प्रशांत चौधरी और संदीप पर कार्रवाई का यूपी पुलिस के सिपाही विरोध कर रहे थे। विवेक तिवारी की हत्या के बाद बर्खास्त सिपाही प्रशांत चौधरी के पक्ष में कई पुलिसवालों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी शेयर किया था। उनका कहना था कि इस मामले में एकतरफा कार्रवाई की गई है। लामबंद होकर सिपाहियों ने प्रशांत चौधरी के समर्थन और चंदे वाली पोस्ट भी वायरल की थी। यहां तक कि उसकी पत्नी राखी के बैंक अकाउंट में एक ही दिन में 5.28 लाख रुपए भी जमा हुए थे। इस बीच उत्तर प्रदेश पुलिस एसोसिएशन का गठन करने वाले सुबोध यादव भी सोशल मीडिया पर एक के बाद एक कई पोस्ट शेयर करके पुलिसकर्मियों को लगातार भड़काने का काम कर रहा था। मंगलवार को इटावा के सैफई से सुबोध यादव की गिरफ्तारी हुई है।
बता दें कि सुबोध यादव इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी का रहने वाला है। उसे वर्ष 2011 में पुलिस विभाग से बर्खास्त कर दिया गया था। वो आगरा अनुभाग में सिपाही के पद पर तैनात था। उसने ही उत्तर प्रदेश पुलिस एसोसिएशन का गठन किया और वर्तमान में खुद एसोसिएशन का अध्यक्ष है।

Home / Mainpuri / विवेक तिवारी मर्डर केस: यूपी पुलिस एसोसिएशन का अध्यक्ष सुबोध यादव गिरफ्तार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.