scriptऑटो रिक्शा बिगाड़ रहे शहर की यातायात व्यवस्था | Auto rickshaws are spoiling the city's traffic system | Patrika News
मंडला

ऑटो रिक्शा बिगाड़ रहे शहर की यातायात व्यवस्था

31 यातायातकर्मियों के हवाले एक हजार ऑटोरिक्शे

मंडलाDec 13, 2019 / 05:06 pm

Sawan Singh Thakur

ऑटो रिक्शा बिगाड़ रहे शहर की यातायात व्यवस्था

ऑटो रिक्शा बिगाड़ रहे शहर की यातायात व्यवस्था

मंडला। ऑटो रिक्शा चालकों की मनमानी से शहर की यातायात व्यवस्था दिन प्रतिदिन लडखड़़ाते जा रही है। हालात यह है कि ऑटो रिक्शा चालकों को जहां पर भी सवारी दिखाई देती है वहीं पर ब्रेक लगा कर खड़े हो रहे हैं। चाहे चौराहा हो या संकरी गली, कहीं भी बीच सडक़ पर सवारियां भरने से प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बन रही है। इसका कारण यह है कि जिले का यातायात विभाग ऑटो चालकों को नियंत्रित करने में पूरी तरह से असफल हो रहा है। यातायात पुलिस के पास मात्र 31 अधिकारी-कर्मचारियों का स्टाफ है और ऑटो चालकों की संख्या 1 हजार। जाहिर है कि यातायात के नियमों का उल्लंघन करना ऑटो चालकों का शगल बनता जा रहा है।
हर चौराहे पर जाम
साइकिल रिक्शों का चलन खत्म होने से ऑटो रिक्शा की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। जानकारी के अनुसार जिले में वर्तमान स्थिति में 3 हजार 510 ऑटो रिक्शा पंजीकृत हैं, इनमें से लगभग 1 हजार ऑटो रिक्शा मंडला नगर पालिका क्षेत्र और इससे जुड़े आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित है। शहर में मुख्य चौराहों की संख्या 10 हैं और भीड़ भाड़ से भरे चौराहों की संख्या 8 है। चौराहों पर ऑटो चालकों द्वारा सबसे अधिक लापरवाही बरती जा रही है। दूसरी ओर बल कम होने के कारण यातायात पुलिस चौराहों पर पर्याप्त संख्या पर जवानों की तैनाती कर रही है। यही कारण है कि सवारियों को ढोने के लिए ऑटो चालक सबसे अधिक चौराहों पर ही नियम तोड़ रहे हैं।
इन चौराहों पर सर्वाधिक खतरा
नगर के उदय चौक से बड़ चौराहा, चिलमन चौक से रेडक्रॉस चौराहा, बस स्टैंड, लालीपुर और बिंझिया चौराहा, इन सभी चौराहों पर ऑटो चालकों की वजह से हमेशा यातायात बाधित हो रहा है। कई बार तो दो ऑटो आमने सामने आते ही सडक़ पर जाम लग जाता है। शहर के मुख्य मार्गों के बीच सवारियां भरने के चक्कर में ऑटो चालक यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। सब्जी मंडी से अस्पताल जाने वाले मार्ग में दोनों ओर 10-10 फीट तक अतिक्रमण होने तथा ऑटो के बीच में खड़े होने से आम लोगों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
यातायात में सुधार लाने के उद्देश्य शहर में विभिन्न रूटों पर ऑटो के स्टैंड बनाए गए हैं, लेकिन ज्यादातर ऑटो चालक इन स्टैंड का उपयोग करते ही नहीं है।
यातायात बल
टीआई यातायात-1
सूबेदार -1
एएसआई -3
प्रधान आरक्षक-5
आरक्षक- 21
फैक्ट फाइल:
3,510 कुल पंजीकृत ऑटो
980 नगरीय क्षेत्र में संचालित ऑटो
10 मुख्य चौराहे
वर्जन:
यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए लगातार ऑटो चालकों को समझाइश दी जा रही है और नियम तोडऩे वाले ऑटो चालकों पर कार्रवाई की जा रही है। आने वाले समय में ऑटो चालकों पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लोहित शेंडे, प्रभारी, यातायात पुलिस, मंडला।

Home / Mandla / ऑटो रिक्शा बिगाड़ रहे शहर की यातायात व्यवस्था

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो