scriptलॉक डाउन अब बैरिकेट्स के भरोसे | Lockdown now depends on barricades | Patrika News

लॉक डाउन अब बैरिकेट्स के भरोसे

locationमंडलाPublished: Apr 22, 2021 12:16:55 pm

Submitted by:

Mangal Singh Thakur

नगर के हर चौराहे, मार्ग को किया सील

Lockdown now depends on barricades

Lockdown now depends on barricades

मंडला. जिले में 8 अप्रैल से लॉकडाउन घोषित किया गया है। जो आगामी 30 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक जारी रहेगा। लेकिन बुधवार को जिला मुख्यालय में जो सख्ती दिखाई गई। वह इस लॉकडाउन में पहले कभी भी नहीं देखी गई। पुलिस प्रशासन ने कल मानो पूरे शहर के मुख्य मार्गों और चौराहों को सील कर दिया। बैरिकेट्स लगाकर सभी मुख्य मार्गों और चौराहों को बंद कर दिया गया। यहां तक कि चौराहों तक पहुंचने वाले संकरी गलियों को तक को बंद रखा गया। हालात ऐसे रहे कि न ही कोई शहर के अंदर दाखिल हो सकता था और न ही शहर के बाहर जा सकता था। जिले में कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते आंकड़े को देखते हुए पुलिस प्रशासन लगातार अपनी सख्ती बढ़ा रहा है। इससे एक ओर नगर की सड़कों पर बेवजह तफरीह करने वालों में कमी आई है तो दूसरी ओर जरूरी काम से घरों से निकलने वालों को परेशान भी होना पड़ा।
नगर के अंदर भी चौकसी
कल पुलिस प्रशासन ने न सिर्फ नगर के बाहर जाने वाली सड़कों का सील किया, बल्कि नगर के अंदर भी एक रिहायशी स्थान से दूसरे रिहायशी इलाके में जाने वाली सड़कों पर बेरीकेट्स लगा दिए। नगर के भीतरी रिहायशी इलाकों को जोडऩे वाले चौक उदय चौक, बुधवारी, कोष्टा मोहल्ला, कचहरी मोहल्ला की ओर जाने वाली सड़कों पर बेरीकेट्स लगाए गए। नगर के व्यापारिक क्षेत्र को जोडऩे वाले चिलमन चौक, बड़ चौराहा, रेडक्रॉस तिराहे को इस तरह से बंद कर दिया गया कि कोई भी एक स्थान से दूसरे स्थान पर न जा सके। साथ ही यहां पुलिस के जवानों का पहरा भी लगाया गया।
जिला अस्पताल की भी घेराबंदी
कल पुलिस प्रशासन ने मानो जिला अस्पताल की भी घेराबंदी कर दी। जिला अस्पताल की ओर जाने वाले सारे रास्तों को बंद रखा गया। इससे यहां जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा। आम जनता के मन में यह सवाल उमड़ते रहे कि आखिर नगर के भीतरी मार्गों की इस तरह घेराबंदी करने का क्या औचित्य?
जिला अस्पताल की ओर जाने के जितने मार्ग हैं सभी बंद कर दिए गए। अस्पताल की ओर जाने के लिए आम जनता या तो चिलमन चौक से बड़ चौराहा होते हुए उदय चौक मार्ग पर बढ़ती है। या चिलमन चौक से रेडक्रॉस तिराहा होते हुए सुपर मार्केट के अंदर से गुजरने वाले मार्ग पर बढ़ती है। इन दोनों मार्गों को बंद रखा गया। तीसरा रास्ता जो बेहद लंबा है, वह है बस स्टैंड से लालीपुर तिराहा होते हुए बैगाबैगी चौक से कोतवाली मार्ग पर आगे बढ़कर रेडक्रॉस तिराहे की ओर जाने का मार्ग। इसे भी बंद रखा गया। चौथा मार्ग जिस पर और भी अधिक दूरी तय करनी पड़ती है वह है, नेहरू स्मारक से बैगाबैगी चौक होते हुए कलेक्ट्रेट मार्ग से गुजरकर कचहरी मोहल्ला होते हुए जाया जाए, इसे भी बंद रखा गया, हालांकि इस मार्ग से गुजरने का औचित्य इसलिए भी नहीं क्योंकि शहर का रिहायशी बस्ती इस ओर बेहद सीमित है।
ये चौराहे बंद
* चिलमन चौक
* बड़ चौराहा
* उदय चौक
* रेडक्रॉस तिराहा
* बैगाबैगी चौक
* नेहरू स्मारक
* बिंझिया तिराहा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो