टोल टैक्स नाका में टोल कर्मियों कर रहे मनमानी
टोल टैक्स में नही मिलती कोई सुविधा
मंडला
Published: March 28, 2022 02:43:37 pm
मंडला. जिले में सड़क व्यवस्था के नाम पर लोगों से अवैध वसूली का सिलसिला लगातार जारी है। करीब 5 साल से निर्माणाधीन जबलपुर मंडला हाईवे अभी भी पूरा नहीं हो सका है बावजूद इसके पिछले 3 सालों से टोल टैक्स के माध्यम से लोगों से वसूली की जा रही है। सुविधाओं के नाम पर पूरी सड़क हिचकोले खाती गाडिय़ों का सफर मात्र रह गया है। जो निर्माण हाईवें का किया गया है वह भी लोगों को परेशान कर रहा है। वर्तमान स्थिति में ग्राम तिंदनी के पास बनाया जा रहा नया टोल टैक्स नाका भी भविष्य में लोगों के लिए मुसीबत बनेगा। गौरतलब है कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ ने देश के हाईवेज पर स्थित टोल नाकों पर फास्टैगयुक्त वाहनों को प्रीमियम माना है लेकिन ये नाके जिन ठेकेदारों ने ले रखे हैं, उनकी नजर में फास्टैग वाले वाहन सिरदर्द हैं। ठेकेदारों की इस भावना का ज्वंलत उदाहरण है जबलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के ग्राम सिझौरा के समीप स्थित टोल नाका जहां लोगों को परेशान करते हुए अवैध वसूली का सिलसिला जारी है जिला मुख्यालय से करीब 80 किमी दूर स्थित होने के चलते टोल नाके पर किसी जिम्मेदार अधिकारी का ध्यान नही रहता है। जिसके कारण टोल कर्मी मनमानी करते हैं।
रात में बंद कर दिया जाता है फास्ट टैग से वसूली
नेशनल हाइवे ३० में ग्राम सिझौरा के समीप में स्थित टोल नाका में जमकर अवैध वसूली की जाती है। वाहन चालको की माने तो टोल टैक्स में कार्यरत कर्मियों द्वारा मनमानी करते हुए रात के समय में फास्टट्रैक से वसूली का काम बंद कर दिया जाता है और नगद वसूली वाहनों से की जाती है। जानकारी के अनुसार फास्टट्रैक काम नहीं कर रहा कह कर वाहनों से जुर्माने के नाम पर दोगुनी राशि वसूल की जाती है। मजबूरन वाहन चालक राशि देकर निकलने में ही भलाई समझते हैं, क्योंकि टोल नाके में बैठे लोग गुंडागर्दी पर उतारू हो जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह अक्सर वाहन चालक और टोल कर्मियों का विवाद होता रहता है। ग्रामीणों को भी टोल में किसी प्रकार की राहत नहीं दी जाती है।
यह है हालात
मंडला से जबलपुर तक सडक़ का निर्माण अब तक पूरा नहीं हुआ है, इसके पूर्व ही सालीवाड़ा में टोल नाका शुरू कर दिया गया। जिसका सबसे ज्यादा असर जिलेवासियों को हो रहा है। जिले के उन लोगों को भी टोल टैक्स देना पड़ता है जो उक्त रोड पर सफर ही नहीं कर रहे हैं इसका सबसे ज्यादा असर निवास विधानसभा के लोगों को होता है। यहां के लोगों का कहना है कि पूरा सफर हाईवे से इधर दूसरे मार्च किया जाता है और जबलपुर प्रवेश के पहले ही बनाए गए टोल टैक्स में बिना वजह का शुल्क वसूला जाता है जबकि निवास से जबलपुर जाने वाले राहगीर कभी भी हाईवे का उपयोग नहीं करते हैं।
ग्राम तिंदनी के पास बन रहा टोल नाका बनेगा मुसीबत
जानकारी के अनुसार ग्राम तिंदनी के पास भी एक नए टोल टैक्स का निर्माण किया जा रहा है, जिसके चलते लोगों में आक्रोश पनप रहा है लोगों का कहना है कि टोल नाके में सिर्फ उन लोगों से ही टैक्स वसूला जाए जो हाईवे का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे स्थान पर नया टोल नाका बनाया जा रहा है, जहां से निवास और शहपुरा के लिए भी बड़ी संख्या में लोग आना-जाना करते हैं ऐसी स्थिति में उन लोगों को भी टोल नाका में शुल्क देना पड़ेगा जो निवास और शहपुरा के लिए जाएंगे। लोगों का कहना है कि उक्त नाके का निर्माण फूलसागर के आगे किया जाना चाहिए था जिससे निवास मार्ग में चलने वालों को किसी प्रकार से कोई शुल्क नहीं देना पड़ता है। अभी की स्थिति में किए जा रहे निर्माण से भविष्य में शुल्क को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित होगी। लोगों का कहना है कि जिले के जनप्रतिनिधियों को उक्त समस्या पर ध्यान देना चाहिए ताकि लोगों का राहत मिल सकें।

टोल टैक्स नाका में टोल कर्मियों कर रहे मनमानी
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
