ब्रिज के लिए 16 साल पहले शुरू हुआ था आंदोलन
मिड इंडिया फाटक पर अंडरब्रिज या ओवरब्रिज के निर्माण की मांग को लेकर ब्रिज निर्माण समिति द्वारा वर्ष 2006 से आंदोलन किया जा रहा था। 26 अक्टूबर 2006 को रेलवे द्वारा मिड इंडिया फाटक को स्थाई रूप से बंद करने के आदेश जारी किए थे। इससे जनता आक्रोशित हो गई और आंदोलन प्रारंभ किया था। जनता ने इस दौरान रेल पटरियों पर बैठकर ट्रेन को रोक दी थी। इसके बाद जनता ने विरोध स्वरूप रेली निकाली थी। इस आंदोलन के बाद मिड इंडिया फाटक को स्थाई रूप से बंद करने का निर्णय वापस हो गया था। इसके बाद से ही ब्रिज समिति द्वारा ब्रिज निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन किया जा रहा था। मुख्यमंत्री ने इसके लिए ४ करोड़ राशि देने की घोषणा की थी। नपा के पास १ करोड़ आए भी थे लेकिन लेटलतीफी में यह मामला सालों से उलझ रहा था। ७ करोड़ ६५ लाख की लागत के इस ब्रिज में रेलवे वे नपा को ५०-५० प्रतिशत राशि वहन करना थी, लेकिन पहले नपा से राशि के अभाव में काम शुरु नहीं हो सका। इसके बाद फरवरी 2020 में यहां पर अंडरब्रिज का निर्माण शुरू हुआ। एक माह बाद कोविड लॉकडाउन लगा। फिर कभी भुगतान तो कभी अन्य कारणों से काम रुकता चला गया। बारिश का हवाला देकर रेलवे डीआरएम ने काम रोका, कुछ माह बाद काम शुरु हुआ। इस प्रकार अनेक अड़चनों के बीच आखिरकार ब्रिज बनकर तैयार हुआ और अब इससे टै्रफिक शुरु हो जाएगा।
कल होगा ब्रिज का शुभारंभ
मिड इंडिया अंडरब्रिज का निर्माण पूर्ण हो चुका है। आम जनता को आवागमन के लिए 17 अप्रेल से समर्पित किया जाएगा। अंडरब्रिज निर्माण का शुभारंभ सांसद सुधीर गुप्ता तथा विधायक यशपालसिंह सिसोदिया के साथ ही जिला भाजपा अध्यक्ष नानालाल अटोलिया की उपस्थिति में होगा। इसमें रेलवे डीआरएम विनीत गुप्ता, कलेक्टर गौतमसिंह तथा एसपी अनुराग सुजानिया भी उपस्थित रहेंगे।
गीताभवन अंडरब्रिज से ट्रैफिक का लोड होगा कम
मिड इंडिया अंडरब्रिज का निर्माण कार्य दो सालों से अधिक समय से चल रहा है। ऐसे में टै्रफिक को डायवर्ड कर रखा है। लेकिन संजीत फाटक पर भी ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है। इस कारण अभिनंदन क्षेत्रवासियों के २५ हजार से अधिक लोगों की आवाजाही का वर्तमान में गीताभवन अंडरब्रिज ही एकमात्र विकल्प है। ऐसे में यहां टै्रफिक का दबाव अधिक होने से हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। मिड इंडिया अंडरब्रिज पर टै्रफिक शुरु होने से गीताभवन अंडरब्रिज पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा।