५५ हजार बोरियों से अधिक हुई मंडी में आवक
मंडी में अवकाश के बाद मंडी खुली तो ५५ हजार बोरियों से अधिक की उपज की आवक हुई। गेहूं १५ हजार, सोयाबीन २१००, लहसुन २८ हजार, अलसी ३०००, प्याज ९००, मक्का १३१ सहित अन्य उपज की बंपर आवक हुई। आवक ने व्यवस्थाओं को भी समेट दिया। रविवार की शाम से ही मंडी के बाहर किसानों के पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया था। सोमवार सुबह जब मंडी खुली तो प्रांगण के अंदर जगह तक नहीं बची और बाहर भी चार किमी से अधिक दूरी तक कतारें लगी रही। मंडी में आवक के अब तक के सारे रिकॉर्ड टूटे और ३ हजार से अधिक वाहन में उपज लिए किसान अपनी बारी का इंतजार करते रहे। आवक के कारण शहर का ट्रैफिक भी थम गया और मंडी के बाहर महू-नीमच मार्ग पर दिनभर जाम लगता रहा।
आवक भरपूर पर अफसर संभाल नहीं पा रहे व्यवस्था
मंडी में इन दिनों रबी सीजन की उपज की बंपर आवक हो रही है। लहसुन से लेकर गेहूं व सोयाबीन की आवक अत्यधिक हो रही है। दाम अच्छे होने के साथ आवक बढ़ रही है लेकिन किसानों की परेशानियां कम नहीं हो पा रही है। मंडी के अधिकारी यहां की व्यवस्थाओं को संभाल नहीं पा रहे है और किसानों की सहुलियत नहीं कर पा रहे है। इसी कारण किसान हर दिन यहां परेशान हो रहे है। किसानों की परेशानियों और असुविधाओं के बीच किराना से जुड़ी जिंसों की आवक तो लगातार कम होती जा रही है।
कलेक्टर ने रबी उपार्जन खरीदी कार्य का भुनियाखेडी वेयरहाउस पहुंचकर किया शुभारंभ
कलेक्टर गौतम सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ कुमार सत्यम ने संयुक्त रूप से सोमवार को रबी उपार्जन खरीदी कार्य का शुभारंभ भुनियाखेडी वेयरहाउस पहुंचकर किया। जिले में गेहूं खरीदी के 64 केंद्रों से किया जाएगा। साथ ही चना, मसूर व सरसों का कार्य 18 केंद्रों से किया जाएगा। खरीदी कार्य के बाद किसानों को जल्द से जल्द पेमेंट हो इसके लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। किसी भी खरीदी केंद्र एवं वेयरहाउस पर विवाद की स्थिति निर्मित न होने दें। इस बात का विशेष तौर पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि सभी किसानों का भुगतान समय पर होगा। उपार्जन कार्य भी बहुत अच्छे से किया जाएगा। इस अवसर पर जिला आपूर्ति अधिकारी सहित किसान उपस्थित थे।