scriptकच्चे तेल की कीमतों में लगातार हो रही गिरावट, अभी और सस्ते होंगे पेट्रोल-डीजल | Brent Crude oil price down in MCX market | Patrika News

कच्चे तेल की कीमतों में लगातार हो रही गिरावट, अभी और सस्ते होंगे पेट्रोल-डीजल

locationनई दिल्लीPublished: Nov 24, 2018 08:16:32 am

Submitted by:

Manoj Kumar

वैश्विक आपूर्ति बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर लगातार दबाव बना हुआ है, जिसका असर भारतीय वायदा बाजार में भी देखा जा रहा है।

petrol

पेट्रोल पर 25 आैर डीजल पर 7 पैसे प्रति लीटर की हुई कटौती

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में शुक्रवार को कच्चे तेल के दाम में आई भारी गिरावट के कारण घरेलू वायदा बाजार में कच्चे तेल के भाव में तीन फीसदी से ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। वैश्विक आपूर्ति बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर लगातार दबाव बना हुआ है, जिसका असर भारतीय वायदा बाजार में भी देखा जा रहा है। यहां पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार गिरावट हो रही है। बाजार के जानकारों का कहना है कि जिस तरह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें गिर रही हैं, उससे आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में और गिरावट हो सकती है।
60 डॉलर प्रति बैरल पर आया ब्रेंट क्रूड का भाव

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव 60 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया, जबकि अमरीकी क्रूड का भाव तीन डॉलर से ज्यादा लुढ़क कर 51 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया। गुरुनानक जयंती के अवसर पर घरेलू वायदा बाजार में दिन का कारोबार बंद था, लेकिन शाम पांच बजे देश के सबसे बड़े वायदा प्लेटफॉर्म मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर कच्चे तेल का दाम तीन फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ 2018 के सबसे निचले स्तर पर आ गया। एमसीएक्स पर शाम 6.27 बजे कच्चे तेल का दिसंबर डिलीवरी वायदा अनुबंध 129 रुपए यानी 3.37 फीसदी की गिरावट के साथ 3,694 रुपए प्रति बैरल पर बना हुआ था, जबकि इससे पहले तेल का भाव 3,806 रुपए पर खुला और 3,682 रुपए प्रति बैरल तक लुढ़का।
कच्चे तेल की कीमतों में 26 डॉलर प्रति बैरल तक की गिरावट

अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजार इंटरकॉन्टिनेंटल एक्सचेंज यानी आईसीई पर ब्रेंट क्रूड के जनवरी डिलीवरी सौदे में पिछले सत्र के मुकाबले 2.51 डॉलर यानी 4.01 फीसदी की गिरावट के साथ 60.09 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था। न्यूयार्क मर्केटाइल एक्सचेंज यानी नायमैक्स पर वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट यानी डब्ल्यूटीआई के जनवरी डिलीवरी सौदे में 3.26 डॉलर यानी 5.97 फीसदी की गिरावट के साथ 51.37 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था। पिछले महीने तीन अक्टूबर को ब्रेंट कूड का भाव 86 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई का भाव 76 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चला गया था। उसके बाद से कच्चे तेल के दाम में करीब 26 डॉलर प्रति बैरल की गिरावट आई है।
58 डॉलर प्रति बैरल तक आ सकते हैं ब्रेंट क्रूड के दाम

एंजेल ब्रोकिंग हाउस के ऊर्जा विशेषज्ञ अनुज गुप्ता का कहना है कि कच्चे तेल के दाम में और गिरावट आ सकती है क्योंकि तेल की आपूर्ति में इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि मेरा अनुमान है कि ब्रेंट क्रूड का दाम 58 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई का भाव 48 डॉलर प्रति बैरल तक आ सकता है। गुप्ता ने बताया कि अमरीकी एजेंसी ईआईए की रिपोर्ट के अनुसार, अमरीका में कच्चे तेल का उत्पादन 117 लाख बैरल रोजाना हो गया है। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की वैश्विक आपूर्ति रोजाना 10 करोड़ बैरल है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में गिरावट आने से भारत में लगातार पेट्रोल और डीजल के भाव में कमी हो रही है। पेट्रोल और डीजल के दाम में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो