कारोबार

सोने के आयात में आई गिरावट, अप्रैल-जनवरी में 5 फीसदी गिरा

देश में सोने का आयात चालू वित्त वर्ष के शुरुआती दस महीने (अप्रैल से जनवरी) में पांच फीसदी गिरकर 26.93 अरब डॉलर रह गया।

Feb 17, 2019 / 04:30 pm

Shivani Sharma

सोने के आयात में आई गिरावट, अप्रैल-जनवरी में 5 फीसदी गिरा

नई दिल्ली। देश में सोने का आयात चालू वित्त वर्ष के शुरुआती दस महीने (अप्रैल से जनवरी) में पांच फीसदी गिरकर 26.93 अरब डॉलर रह गया। इससे चालू खाते के घाटे (कैड) पर कुछ हद तक अंकुश रहने की उम्मीद है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में देश में कीमती धातुओं का कुल आयात 28.23 अरब डॉलर रहा था।


तीन महीने गिरावट दर्ज की गई

आपको बता दें कि उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि विश्व बाजारों में कीमती धातुओं के दाम में नरमी इनके आयात में कमी की वजह हो सकता है। लगातार तीन महीने अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर, 2018 में आयात में गिरावट दर्ज करने के बाद इस साल जनवरी में आयात 38.16 फीसदी बढ़कर 2.31 अरब डॉलर पर पहुंच गया। भारत दुनियाभर में सोने का सबसे बड़ा आयातक है।


आभूषणों का निर्यात हुआ

आयात के जरिए मुख्यतौर पर आभूषण उद्योग की मांग को पूरा किया जाता है। चालू वित्त वर्ष के शुरुआती दस माह में रत्न एवं आभूषणों का निर्यात भी चार फीसदी गिरकर 32.9 अरब डॉलर रह गया। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में देश का चालू खाते का घाटा, यानी कि विदेशी मुद्रा के अंतरप्रवाह और बाह्यप्रवाह के बीच का अंतर बढ़कर सकल घरेलू उत्पाद का 2.9 फीसदी हो गया।


पिछले साल था इतना घाटा

आपको बता दें कि एक साल पहले इसी अवधि में यह 1.1 फीसदी रहा था। इसके पीछे की वजह खासतौर से बढ़ा व्यापार घाटा रहा है। वर्ष 2017- 18 में कुल मिलाकर देश का सोना आयात 22.43 फीसदी बढ़कर 955.16 टन हो गया जो कि इससे पिछले वर्ष 780.14 टन रहा था।

(ये कॉपी भाषा से ली गई है।)

Read the Latest Business News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले Business News in Hindi की ताज़ा खबरें हिंदी में पत्रिका पर

Home / Business / सोने के आयात में आई गिरावट, अप्रैल-जनवरी में 5 फीसदी गिरा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.