scriptधनतेरस पर मिली महंगे सोने की सौगात, फीकी रही खरीदारी | Gold Price up by 40 RS in delhi bullian market | Patrika News

धनतेरस पर मिली महंगे सोने की सौगात, फीकी रही खरीदारी

locationनई दिल्लीPublished: Nov 05, 2018 02:44:23 pm

Submitted by:

Manoj Kumar

दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के कमजोर पड़ने से वैश्विक बाजार में पीली धातु को बल मिला है।

gold
नई दिल्ली। धनतेरस पर होने वाली खुदरा खरीदारी से सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 40 रुपए महंगा होकर 32,690 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। इस दौरान सिक्कों की मांग बढ़ने से चांदी भी 10 रुपए की तेजी में 39,540 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के कमजोर पड़ने से वैश्विक बाजार में पीली धातु को बल मिला लेकिन मंगलवार को होने वाले अमरीका के मध्यावधि चुनाव से पहले निवेशकों के सतर्कता बरतने से इसकी बढ़त सीमित रही।
वैश्विक बाजार में रही तेजी

लंदन का सोना हाजिर आज 0.50 डॉलर की तेजी में 1,232.90 डॉलर प्रति औंस बोला गया। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा भी 1.40 डॉलर की तेजी में 1,234.7 डॉलर प्रति औंस बोला गया। इस दौरान चांदी 0.01 डॉलर की तेजी में 14.72 डॉलर प्रति औंस बोली गई। बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, धनतेरस के अवसर पर सोने और चांदी की खरीद शुभ मानी जाती है लेकिन इस बार बाजार में बिक्री सामान्य है। खरीदार ज्यादातर सोने और चांदी के सिक्कों में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस साल फसल भी अच्छी रही है बावजूद इसके ग्राहकी कम है। ग्रामीण इलाकों में मांग पहले से काफी घट गई है।
चांदी की कीमतों में 180 रुपए की गिरावट

त्योहारी मांग के दम पर सोना स्टैंडर्ड 40 रुपए चमककर 32,690 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 32,540 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। हालांकि, इस दौरान गिन्नी 24,900 रुपए प्रति आठ ग्राम टिकी रही। औद्योगिक मांग आने से चांदी हाजिर 10 रुपए चमककर 39,540 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इस दौरान चांदी वायदा 180 रुपए की गिरावट में 38,640 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्कों की मांग सामान्य रहने से सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 76,000 और 77,000 रुपए प्रति सैंकड़ा पर टिके रहे।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)

– सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 32,690

– सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 32,540

– चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 39,540
– चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 38,640

– सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 76,000

– सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 77,000

– गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,900

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो