कारोबार

लगातार दूसरे दिन बढ़े सोने-चांदी के दाम, ये है नई कीमत

18 सितंबर 2018 को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना-चांदी का भाव।

नई दिल्लीSep 18, 2018 / 03:30 pm

Manoj Kumar

sabse sasta sona kaha milta hai golden bricks found

नई दिल्ली। विदेशी बाजारों में रही गिरावट के बीच त्योहारी सीजन से पहले खुदरा जेवराती मांग आने से दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार 18 सितंबर 2018 को सोना 10 रुपए चमककर 31,610 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी भी 20 रुपए की तेजी लेकर 37,700 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। लंदन से मिली जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना हाजिर 1.00 डॉलर फिसलकर 1,198.25 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा भी 2.70 डॉलर की गिरावट में 1,203.10 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
अमरीका-चीन ट्रेड वार से पीली धातु पर बढ़ा दबाव

बाजार विश्लेषकों के अनुसार दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के कमजोर पड़ने से पीली धातु को मजबूती मिली है, लेकिन अमरीका और चीन के बीच टैरिफ युद्ध बढ़ने से इस पर दबाव हावी है। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के 200 अरब डॉलर के विभिन्न उत्पादों पर 10 फीसदी का टैरिफ लगाने की घोषणा की है और साथ ही यह धमकी भी दी है कि अगर चीन ने इसका जवाब दिया तो उसके 267 अरब डॉलर के अन्य उत्पादों पर भी टैरिफ लगा दिया जाएगा। उधर, चीन ने अमरीका के इस कदम पर करारा जवाब देने की बात की है। दोनों आर्थिक महाशक्तियों के बीच ठने व्यापार युद्ध से वैश्विक मंच पर हलचल मची हुई है, जिसे देखते हुए निवेशक सतर्कता बरत रहे हैं। वैश्विक स्तर पर चांदी हाजिर 0.05 डॉलर की बढ़त के साथ 14.14 डॉलर प्रति औंस बिकी।
चांदी वायदा में प्रति किलो 105 रुपए की बढ़ोतरी

स्थानीय बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी में रहते हुए सोना स्टैंडर्ड 10 रुपए की बढ़त के साथ 31,610 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव बिका। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 31,460 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,500 रुपए पर टिकी रही। औद्योगिक उठाव बढ़ने से चांदी हाजिर 20 रुपए चमककर 37,700 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी वायदा भी 105 रुपए की बढ़त में 37,305 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली के भाव गत दिवस के क्रमश: 72 हजार और 73 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)

– सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,610

– सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 31,460

– चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम : 37,700
– चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 37,305

– सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 72,000

– सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 73,000

– गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,500

Home / Business / लगातार दूसरे दिन बढ़े सोने-चांदी के दाम, ये है नई कीमत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.