मथुरा

सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर भाजपा बनवा रही कार्यालय- कांग्रेस

कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा पर सरकारी जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है।

मथुराSep 02, 2017 / 07:56 pm

मुकेश कुमार

भाजपा ने जमीन पर किया कब्जा

मथुरा। वृंदावन में डाक बंगला के बराबर की जमीन पर भारतीय जनता पार्टी के नगर कार्यालय का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसका कांग्रेस समेत विरोधी पार्टी के नेताओं ने विरोध शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने इस जमीन पर भारतीय जनता पार्टी का अवैध कब्जा बताया है। वहीं भाजपा नेता इस भूखंड को वैध आवंटन बता रहे हैं।
निर्माण के विरोध में किया प्रदर्शन
पिछले चार-पांच दिन से भाजपा की वृंदावन इकाई द्वारा इस जमीन पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य की भनक लगते ही कांग्रेस नेताओं ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। शनिवार को कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, कांग्रेस नगर अध्यक्ष नूतन पारिख, पूर्व सभासद उमेश शर्मा समेत कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने निर्माण स्थल के समीप गांधी पार्क में भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया।
सरकारी जमीन पर कब्जा करने का आरोप
कांग्रेस नगर अध्यक्ष नूतन पारिख ने कहा कि भाजपा नेताओं ने इस जमीन पर कब्जा कर लिया और रात को चोरी छिपे निर्माण कार्य शुरू करा दिया। उन्होंने कहा कि एंटी भूमाफिया स्क्वायड बनाने वाले योगी आदित्यनाथ के शासन में उनकी पार्टी के नेता सरकारी जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने बताया कि योगी सरकार से पहले भी भाजपा ने इस जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया, लेकिन तब जिला प्रशासन ने कार्रवाई की थी। इस बार जिला प्रशासन को अवगत करा दिया गया है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
20 साल पहले हुआ था पट्टा
वहीं कांग्रेस के आरोपों पर स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण कहा कहा कि जिस भूखंड पर पार्टी कार्यालय का निर्माण कार्य चल रहा है। उसका 20 साल पहले पट्टा हुआ था। भाजपा 20 साल से उसका किराया और खर्चा दे रही है। ये आरोप अनर्गल हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भूमाफिया विरोधी है। कांग्रेस नेताओं के पास आरोप लगाने के सिवाय और कुछ बाकी रहा ही नहीं है।

Home / Mathura / सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर भाजपा बनवा रही कार्यालय- कांग्रेस

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.