script

मनचलों से परेशान छात्राओं ने प्रैक्टिकल छोड़ा, एसपी सिटी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में खोली पुलिस की पोल

locationमथुराPublished: Jan 14, 2018 02:10:52 pm

योगी सरकार ने भले ही मनचलों को सबक सिखाने के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड बनाया हो, लेकिन छेड़खानी की घटनाएं रुक नहीं रही है।

schoolgirls

schoolgirls

मथुरा। मनचलों से परेशान तीन सगी बहनों ने हाईस्कूल का प्रैक्टिकल छोड़ दिया और एसपी सिटी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिकायत करने जा पहुंचीं। जहां छात्राओं ने आपबीती सुनाई तो पुलिस पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए। छात्राओं का कहना था कि छेड़खानी की शिकायत दर्ज होने के बाद भी बरसाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिससे मनचले अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।
तीन छात्राओं ने प्रैक्टिकल छोड़ा
शनिवार को तीनों बहनें हाईस्कूल का प्रैक्टिकल दे रही थीं। रास्ते में मनचलों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया और फब्तियां कसने लगे। जिससे परेशान पीड़ित छात्राएं अपना प्रैक्टिकल छोड़ सीधे एसएसपी ऑफिस जा पहुंचीं। जहां एसएसपी स्वप्लिन ममगई नहीं मिले तो छात्राएं अपनी मां के साथ पुलिस लाइन स्थित सभागार में चल रही पुलिस की प्रेस कांफ्रेंस में पहुंच गयीं। यहां एसपी सिटी चोरी की घटना खोलने में पुलिस की गौरव गाथा बता रहे थे, लेकिन जैसे ही पत्रकारों के सामने छात्राओं ने बरसाना पुलिस की नाकामी साथ मनचलों की शिकायत की तो एसपी सिटी का चेहरा भी पुलिस की करतूत सुनकर उतर गया। उन्होंने तत्काल बरसाना थाने में बात की और पीड़ित छात्राओं को पूरी सुरक्षा का आश्वासन दिया।
एक महीने पहले दर्ज कराई रिपोर्ट
पीड़ित छात्राओं ने बताया कि विष्णु, आकाश नाम के युवक अपने साथियों के साथ उनको तीन महीन से परेशान कर रहे हैं। बीती 19 दिसंबर को थाना बरसाना में पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद भी दबंग परिवार कई बार पीड़ित परिवार के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौच कर चुका है। पीड़ित परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है कि वो रिपोर्ट वापस ले। आरोपी युवक आए दिन उनका पीछा करते हैं। गंदी गंदी बातें करते हैं। जिससे परेशान होकर उन्हें अपना हाईस्कूल का प्रैक्टिकल भी छोड़ना पड़ गया।
थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश
सीओ सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि छात्राओं की शिकायत की गंभीरता से लिया गया है। तुरंत बरसाना थाना पुलिस का इस मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि कुछ दिन पहले मथुरा के रमनलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल की छात्रा को दो मनचलों ने स्कूल के पास ही गोली मार दी थी। इस घटना के बाद भी पुलिस ने कोई सबक नहीं लिया है।

ट्रेंडिंग वीडियो