scriptउत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाएंगे: केशव प्रशाद | UP Deputy CM keshav Prasad Maurya in Vrinadavan Mathura | Patrika News

उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाएंगे: केशव प्रशाद

locationमथुराPublished: Sep 21, 2017 10:18:33 pm

केशव प्रसाद मौर्य संसद की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद सीधे वृंदावन पहुंचे।

Keshav Prasad Maurya
मथुरा। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज दिल्ली से संसद की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद हेलीकॉप्टर से सीधे वृंदावन पहुंचे। यहां पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोशीला स्वागत किया। इस दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने पूर्ववर्ती सरकार पर विकास न कराने का आरोप लगाया वहीं योगी सरकार में विकास का दावा किया।
खिलाड़ियों का सम्मान

दिल्ली से संसद की सदस्यता से अपना इस्तीफा देने के बाद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पवन हंस के हेलीकॉप्टर से वृंदावन पहुंचे। वृंदावन पहुंचने के बाद उप मुख्यमंत्री का पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। वृंदावन में बने पवनहंस हेलीपैड पर 20 मिनट रुकने के बाद छाता में एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे। एक विश्वविद्यालय में पहुंचे जहां उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय जन्मशती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित हुई 51 वीं यूपी स्टेट क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप के विजय खिलाड़ियों को ट्राफी देकर पुरस्कृत किया इस मौके पर उन्होंने एक सभा को भी संबोधित किया। पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रुप में पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य का आयोजकों ने जोरदार स्वागत किया।

जनता संवाद

इस कार्यक्रम के बाद शाम करीब 4:30 बजे उप मुख्यमंत्री का काफिला सीधे वृंदावन में परिक्रमा मार्ग स्थित निकुंज वन आश्रम में पहुंचा जहां उन्होंने संत विजय कौशल जी महाराज सहित वृंदावन के अन्य संत महात्माओं से मुलाकात की और उनके आश्रम में ही दोपहर का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से स्थानीय लोगों ने मुलाकात की और उन्होंने प्रशासन द्वारा यमुना के खादर में बने उनके मकानों को न तोड़े जाने की गुहार लगाई। वहीं केशव प्रसाद मौर्य ने कोर्ट के आदेश पर की जा रही इस कार्रवाई को लेकर अपनी असमर्थता जाहिर की वहीं उनके लिए कोई विकल्प ढूंढ़ने का आश्वासन जरूर दिया।

दोबारा शुरू होगा गड्ढा मुक्ति अभियान

अपनी वृंदावन यात्रा के दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए ब्रज की टूटी सड़कों को लेकर कहा कि बरसात की वजह से गड्ढा मुक्ति अभियान रुका हुआ है। बरसात का मौसम समाप्त होते ही एक अक्टूबर से दोबारा कार्य शुरू हो जाएगा और गड्ढे खोजने से नहीं मिलेंगे। वृंदावन के बंद पड़े यमुना रिवर फ्रंट के कार्य को लेकर उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कार्य को रोका और जो विकास नहीं करते थे वह विदा हो गए अब जिनको विकास करना है उन्हें जनता ने सत्ता में भेजा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाएंगे। रोहिंग्याओ को लेकर गृहमंत्री राजनाथ सिंह के बयान को लेकर उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय मुद्दा है भारतीय जनता पार्टी का केंद्र में जो नेतृत्व है वह बहुत ही परिपक्व है देश के हित में फैसला देगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो