script

बेटी से छेड़छाड़ होने पर फौजी की पत्नी ने दौड़ लगाकर पकड़ लिया मनचला, फिर किया ये हाल…

locationमेरठPublished: Nov 04, 2019 01:45:47 pm

Submitted by:

sanjay sharma

Highlights

पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर हुई छेड़छाड़
एक मनचले को पकड़ा, दूसरा मौके से हो गया फरार
होटल में खाना खाकर घर लौट रहा था परिवार

meerut
मेरठ। बेगमपुल पर भीड़भाड़ वाले इलाके में आबूलेन पुलिस चौकी के पास फौजी की बेटी से बाइक सवार दो मनचलों ने छेड़छाड़ कर दी। फौजी की पत्नी ने भागकर एक मनचले को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर डाली। इसी बीच, दूसरा युवक फरार हो गया। महिला के साथ-साथ आसपास के लोगों ने भी मनचले को पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे थाने ले आई और दूसरे की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ेंः समान मुआवजे की मांग को लेकर किसानों ने किया अनोखा प्रदर्शन और दी ये चेतावनी, देखें वीडियो

कंकरखेड़ा निवासी फौजी रविवार की शाम स्कूटी पर पत्नी और बेटी के साथ बेगमपुल आए थे। रात को खरीदारी करने के बाद वे बेगमपुल मे खाना खाने लगे। होटल से खाना खाकर बाहर निकले तो आबूलेन पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने बेटी से छेड़छाड़ कर दी। इस पर उसने शोर मचा दिया। फौजी ने स्कूटी से मनचलों की बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वे गिर गए। इसके बाद मनचले भागने लगे तो फौजी की पत्नी ने दौड़कर एक आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी। मौके पर फौजी भी पहुुंच गया उसने भी युवक को पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच मौका पाकर दूसरा युवक भाग गया। इस पर आसपास के लोग भी पहुंच गए और उन्होंने भी मनचला धुन दिया।
यह भी पढ़ेंः पुलिस के सामने जानलेवा हमले के आरोपी की गोलियां बरसाकर हत्या, दो गिरफ्तार, देखें वीडियो

सूचना पर आबूलेन चौकी पुलिस भी पहुंच गई और आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पहचान लिसाड़ी गेट निवासी इशाक के रूप में हुई। पुलिस उसे पकड़कर थाने ले गई। थाना प्रभारी विजय गुप्ता का कहना है कि आरोपी नशे में था। फरार युवक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

ट्रेंडिंग वीडियो