मेरठ। मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र की गंगानगर कालोनी में बैंक मैनेजर के घर दिनदहाड़े लूट करने की नीयत से घुसे बदमाशों ने गन प्वांइट पर लेकर डकैती का प्रयास किया। इस दौरान हाथापाई में चली बदमाशों की गोली से बैंक मैनेजर का पुत्र घायल हो गया। घटना से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गोली चलने की सूचना पर लोग मौके की तरफ दौड़े। चारों ओर अपने को घिरा जानकर बदमाश अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने वारदात की जानकारी ली। पुलिस कॉलोनी में लगे सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की तलाश कर रही है। गोली लगने से घायल मैनेजर के पुत्र की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। गंगानगर थाना क्षेत्र की मीनाक्षीपुरम कॉलोनी के जी ब्लाक में पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर कृपाल सिंह परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार दोपहर तीन बजे उनके घर में उनकी पत्नी पत्नी सुमन, बड़ा बेटा अनुज व छोटा बेटा कुणाल मौजूद थे। अनुज मेरठ कालेज में बीए का छात्र है और कुणाल केंद्रीय विद्यालय सिख लाइंस में कक्षा नौ में पढ़ रहा है।