मेरठ

यूपी के इस शहर में कड़ी सुरक्षा के बीच बारावफात पर धूमधाम से निकाले गए जुलूस

Highlights

डीजीपी ने पुलिस अफसरों को बारावफात पर दिए निर्देश
पैगम्बर-ए-इस्लाम की यौमे पैदाइश पर शहर में निकला जुलूस
आज रात होंगे नातिया मुकाबले, की गई आकर्षक सजावट

 

मेरठNov 10, 2019 / 01:38 pm

sanjay sharma

मेरठ। ईद-ए-मिलाद के रूप में जाना जाने वाला मिलाद-उन-नबी, पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। रविवार को इस पर्व को धूमधाम से मनाया गया। अयोध्या मामले पर फैसला आने के बाद कड़ी सुरक्षा में बारावफात पर जुलूस निकाले गए। इसको लेकर जिला प्रशासन और पुलिस चौकस रही। इस संबंध में शनिवार की रात डीजीपी ओपी सिंह ने वीडियो क्रांफेंसिंग के जरिए पुलिस अफसरों को निर्देश दिए थे। उन्होंने 15 नवंबर तक सभी जिलों में हाई अलर्ट के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस अफसरों को निर्देश दिए कि मुलस्लिम समुदाय का प्रथम पर्व बारवफात परंपरागत रूप से मनाया जाए। मुस्लिम समुदाय में पुलिस के प्रति विश्वास जागृत होना चाहिए। उन्होंने बारावफात के जुलूस बाक्स फार्म में निकलवाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ेंः Ayodhya Verdict: एडीजी ने कहा- इसी तरह अभी कई दिन कड़ी सुरक्षा में रहेगा शहर, लोगों से की ये अपील, देखें वीडियो

रविवार को पैगंबर-ए-इस्लाम मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश बारावफात के मौके पर रविवार को शहर में कई स्थानों पर जलसे हुए। मरकजी कमेटी सहित कई अंजुमनों व मदरसों से जुलूस उठाए गए। रविवार को फैजाम इंटर कालेज के मैदान में रातभर नातिया मुकाबला चलेगा। वहीं मुस्लिम इलाकों में विद्युत झालरों से आकर्षक सजावट की गई। आमद-ए-रसूल के इस्तकबाल में शहर के मुस्लिम इलाके रोशनी से नहाए रहे। विद्युत झालरों से सजावट की गई है। मदरसों में झूमर आदि लगाकर मोहक सजावट की गई। बारावफात को लेकर सुबह से ही चहल-पहल और सजावट की गई है। इबादतगाहों को भी सजाया गया। उधर मरकज़ी कमेटी के सैय्यद अहमद अब्बास के संयोजन में जुलूस जैदी फार्म मैदान से सुबह 10 बजे शुरू हुआ। लोग सरकार की आमद मरहबा की सदाएं बुलंद करते चल रहे थे। अंजुमनें नात पढ़ रही थी। जुलूस महानगर के मुख्य बाजार, दालमंडी, नई सड़क मार्ग होते ईदगाह पहुंचा। जहां कमेटी के सरपरस्त ने तकरीर की।
यह भी पढ़ेंः Ayodhya Verdict: मस्जिदों से हुआ भाईचारे का ऐलान, शहर काजी ने कहा- मिसाल ऐसी कायम करिए, जो इबारत बन जाए

आज रात अंजुमनें आमदे रसूल की शान में रातभर नाते पाक पेश की जाएगी। इससे पहले सुबह मदरसा फैजाने रजा कच्चीसराय से बच्चों ने जुलूस शुरू हुआ । जो नई सड़क, बेनियाबाग, चेतगंज होते वापस मदरसा पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान बच्चे नबी की शान में कलाम पेश करते चल रहे थे। इसके अलावा मदरसे में आल इंडिया जमात रजा-ए-मुस्तफा की ओर से जलसा व नातिया मुशायरे का आयोजन हुआ। ऐसे ही रजबन बाजार, सदर बाजार, गोला कुंआ आदि स्थानों पर भी जलसे आयोजित किए जाएंगे।

Hindi News / Meerut / यूपी के इस शहर में कड़ी सुरक्षा के बीच बारावफात पर धूमधाम से निकाले गए जुलूस

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.