मेरठ। मेरठ के कस्बा सिवाल खास में पांच साल के बच्चे की मुंह दबाकर हत्या करने के बाद शव को रजवाहे में फेंक दिया गया। पुलिस ने अज्ञात हत्यारोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रो रहा था मासूम
सिवाल खास निवासी किसान अकबर का पांच वर्षीय पुत्र अरसलीम उर्फ दानिश मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे घर से सड़क की ओर निकला। कुछ लोगों के मुताबिक, वह सड़क पर रो रहा था। तभी परिजन बाहर निकले और अरसलीम को चीज के लिए रुपये देकर शांत किया। इसके बाद से वह अचानक लापता हो गया। परिजन उसे तलाशते रहे, मगर कोई सुराग नहीं लगा। रात करीब साढ़े 9 बजे कुछ लोगों ने सिवाल-खानपुर मार्ग पर महेपा गांव के रजवाहे में एक बच्चे की लाश पड़ी देखी।
मुंह दबाकर की हत्या
उसकी शिनाख्त गायब चल रहे अरसलीम उर्फ दानिश के रूप में हुई। रजवाहे में एक फीट भी पानी नहीं था। ऐसे में डूबकर मौत होने की आशंका निराधार साबित हो गई। पुलिस ने रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अरसलीम का मुंह दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई। मृतक के पिता अकबर ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कराया है। परिजनों के मुताबिक, उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। अरसलीम चार भाई बहनों में दूसरे नंबर का था।
पुराने केस से जुड़ रहे तार
सरधना सीओ सीपी सिंह ने पहुंचकर जांच-पड़ताल की। मौके पर डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। सूत्रों के मुताबिक, मृतक के परिवार की एक युवती करीब छह महीने पहले एक युवक के साथ फरार हो गई थी। कुछ ग्रामीण इस हत्याकांड को युवती फरार होने के केस से भी जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल बालक की हत्या की वजह पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाई है।