मेरठ। यदि आप दिल्ली से हरिद्वार के लिए निकल रहे हैं या फिर मेरठ से दिल्ली या गाजियाबाद जा रहे हैं तो एनएच-58 पर निकलने से पहले इस हाइवे पर लगने वाले जगह-जगह जाम के बारे में भी जान लें। इस हाइवे पर आए दिन लगने वाले जाम से मेरठ और गाजियाबाद के पुलिस अधिकारी भी परेशान हो गए हैं। हालात यह है कि अब कहीं भी जाम लगे, पुलिस के जवान और अधिकारी वहां से गायब रहते हैं। हाइवे पर जगह-जगह खुले कट की वजह से लगने वाले जाम के कारण मेरठ से गाजियाबाद का सफर तीन से चार घंटे में पूरा हो रहा है। बाहर से आने वाले वाहन चालकों को दो घंटे तो मोदीनगर पार करने में लग जाता है। ऐसा ही हाल मुरादनगर का है। वहां पर पुलिस और हाइवे अथारिटी विभाग ने कई बार अवैध रूप से खुले हुए कट को बंद करा दिया, लेकिन वाहन चालक और गन्ने की बुग्गियां इन कटों को फिर से खोल लेते हैं। जिसके चलते गलत दिशा में वाहन चालकों के आने के कारण जाम के हालात पैदा हो जात हैं।